-नगर निगम पानीपत ने मशीनीकृत और मैनुअल स्वीपिंग के लिए शुरू की एजेंसी चयन की प्रक्रिया
-शहर की हवा से कम होगा प्रदूषण का स्तर, स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग के लिए उठाया गया बड़ा कदम
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। औद्योगिक नगरी पानीपत को स्वच्छ, सुंदर और धूलमुक्त बनाने की दिशा में नगर निगम प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। शहर की प्रमुख सड़कों और चौराहों पर फैलने वाली धूल-मिट्टी तथा कचरे की समस्या से स्थायी निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने अब आधुनिक तकनीक का सहारा लेने का निर्णय लिया है। इसके तहत सड़कों की मशीनीकृत (मैकेनाइज्ड) और मैनुअल सफाई की जाएगी। इसका एक एजेंसी को काम दिया जाएगा।
पानीपत में तेजी से बढ़ते शहरीकरण, सड़कों पर वाहनों के भारी दबाव और निरंतर चलने वाली औद्योगिक गतिविधियों के कारण सड़कों पर धूल और कचरा जमा होना एक गंभीर चुनौती बन गया है। अब तक प्रचलित पारंपरिक सफाई व्यवस्था से शहर के मुख्य मार्गों, व्यस्त बाजारों और चौराहों पर पूरी तरह से सफाई सुनिश्चित नहीं हो पाती थी।
सड़कों पर उड़ती धूल के कारण न केवल पर्यावरण दूषित हो रहा है, बल्कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। शहर की आबोहवा को प्रदूषण मुक्त बनाने और आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण के कड़े मानकों पर खरा उतरने के लिए सड़कों की नियमित और वैज्ञानिक तरीके से सफाई बेहद आवश्यक हो गई थी। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने यह व्यापक योजना तैयार की है।
शहरवासियों को मिलेंगे कई बड़े फायदे
इस नई व्यवस्था के धरातल पर उतरने से पानीपत की सफाई व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव देखने को मिलेगा। मशीनीकृत स्वीपिंग के माध्यम से सड़कों के किनारों और सतह पर जमी बारीक धूल को प्रभावी ढंग से खींचकर साफ किया जा सकेगा। इससे वातावरण में मौजूद हानिकारक धूल कणों और वायु प्रदूषण के स्तर में बड़ी कमी आएगी। इसके साथ ही, जहां बड़ी मशीनें नहीं पहुंच सकेंगी, वहां मैनुअल सफाई के संयोजन से शहर के कोने-कोने में स्वच्छता सुनिश्चित की जाएगी। गंदगी साफ होने से संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा कम होगा और शहर का सौंदर्य भी निखरेगा।
शहर को पूरी तरह स्वच्छ और धूलमुक्त बनाने के लिए सड़कों की मशीनीकृत और मैनुअल सफाई करवाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए एजेंसी के चयन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। एजेंसी का चयन होते ही शहर में आधुनिक तरीके से सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व प्रभावी बनाया जाएगा।
नवीन, एक्सईएन, नगर निगम।