माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय निजामपुर में मंगलवार को शेड के नीचे पढ़ रहे आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों की परेशानी सुनकर शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने स्कूल में छह नए कमरे बनवाने के निर्देश दिए। सुबह करीब पौने 11 बजे औचक निरीक्षण पर पहुंचे शिक्षा मंत्री सीधे शेड के नीचे बैठे विद्यार्थियों के बीच पहुंचे और उनसे पढ़ाई तथा स्कूल की व्यवस्थाओं के बारे में बातचीत की।
विद्यार्थियों ने बताया कि कमरों की कमी के कारण उन्हें हर मौसम में शेड के नीचे बैठकर पढ़ना पड़ता है। बारिश के दिनों में आसपास उगी घास के कारण जहरीले जीव-जंतुओं का भी डर बना रहता है। विद्यार्थियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा मंत्री ने जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा से बातचीत कर स्कूल परिसर में छह नए कमरों का निर्माण जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए।
मिड-डे-मील की गुणवत्ता भी परखी : निरीक्षण के दौरान शिक्षा मंत्री ने स्कूल की सभी कक्षाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए तैयार किए गए मिड-डे-मील की गुणवत्ता जांची और शिक्षकों के साथ बैठकर स्वयं भोजन भी चखा। इसके बाद उन्होंने शिक्षकों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं।
शिक्षकों ने मुख्य रूप से तबादले और चाइल्ड केयर लीव (सीसीएल) से जुड़ी व्यावहारिक समस्याएं रखीं। शिक्षा मंत्री ने आश्वासन दिया कि जायज समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।
वह करीब दो घंटे तक स्कूल में रहे।शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकारी शिक्षण संस्थानों का निरीक्षण कर विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों से सीधे संवाद कर समस्याएं और सुझाव जाने जा रहे हैं, ताकि व्यवस्थाओं में सुधार किए जा सकें। उन्होंने कहा कि निजामपुर स्कूल में कमरों की कमी सामने आने के बाद छह कमरों का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
राजकीय कॉलेज में विद्यार्थियों से किया संवाद
स्कूल के निरीक्षण के बाद शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा राजकीय कॉलेज पहुंचे। यहां उन्होंने विद्यार्थियों और प्राध्यापकों से संवाद किया। नए सत्र का दूसरा दिन होने के बावजूद विद्यार्थियों ने कॉलेज की सुविधाओं पर संतोष जताया और व्यवस्थाओं को बेहतर बताया।