बस स्टैंड पर वारंट चस्पा करने के दौरान गाड़ी टकराने की सूचन पहुंची पुलिस। संवाद
- विकास के न मिलने पर सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा किए वारंट, 19 नवंबर को अदालत में हाजिर होने के आदेश
समालखा (पानीपत)। मनी लॉडि्रंग के मामले में भगोड़ा घोषित कांग्रेस के पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर के बेटे विकास छौक्कर का गिरफ्तारी वारंट लेकर प्रवर्तन निदेशालय की टीम मंगलवार दोपहर समालखा पहुंची। किसी ने वारंट नहीं लिए तो टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर वारंट चस्पा कर दिए। टीम ने नया बस स्टैंड के साथ ही कई अन्य स्थानों पर वारंट चस्पा किए हैं। अदालत ने विकास छौक्कर को 19 नवंबर को होने वाली सुनवाई में अदालत में पेश होने के आदेश दिए हैं। इस दौरान ईडी की गाड़ी भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
गुरुग्राम ईडी अदालत में समालखा के पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर व उनके बेटे सिकंदर व विकास छौक्कर के खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम 2002 के तहत केस चल रहा है। इस मामले में विकास 16 नवंबर 2021 से अदालत में हाजिर नहीं हो रहे हैं। विकास को अदालत ने भगोड़ा घोषित कर दिया था। साथ ही उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए थे। मंगलवार को गुरुग्राम से ईडी की एक टीम इनोवा कार में सवार होकर 6 अगस्त को जारी किए गए गिरफ्तारी वारंट लेकर समालखा पहुंची लेकिन किसी ने वारंट नहीं लिए। टीम का कहना है कि विकास वारंट तामील होने से बच रहा है।
यह था मामला
छौक्कर परिवार पर सरकार की अफोर्डेबल होम योजना के तहत पांच हजार से भी ज्यादा लोगों से धोखाधडी करने का आरोप है। मनी लॉन्ड्रिंग के इस मामले में पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर को ईडी ने गिरफ्तार किया था। पूर्व विधायक के बड़े बेटे सिकंदर जमानत पर हैं। वहीं विकास छौक्कर फरार हैं।
ईडी टीम की गाड़ी क्षतिग्रस्त
जिस समय टीम बस स्टैंड पर वारंट चस्पा कर रही थी उस समय उनकी कार में फॉरच्यूनर गाड़ी ने टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि पानीपत निवासी नीटू अपनी पिकअप लेकर पानीपत की तरफ जा रहा था। उसी समय विपरीत दिशा से तेज रफ्तार फॉरच्यूनर ने पिकअप को टक्कर मारी। जिससे फॉरच्यूनर चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस अड्डे के पास खड़ी ईडी अधिकारियों की इनोवा गाड़ी से जा टकराई। जिससे पिकअप के साथ साथ इनोवा कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
बस स्टैंड पर वारंट चस्पा करने के दौरान गाड़ी टकराने की सूचन पहुंची पुलिस। संवाद