संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। हरियाणा राज्य भारत स्काउट एंड गाइड के बैनर तले डीएस ओपन ग्रुप द्बारा शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर होटल डेज सेक्टर 25 में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सात जिलों से नामित अध्यापकों को उनके विशेष कार्य करने पर सम्मानित किया गया। इस कार्य के लिए पूर्व उप उपनिदेशक सरोज बाला गुर द्वारा कार्यक्रम का आयोजन करवाया गया जिसका मंच संचालन अनिल सैनी द्वारा किया गया। इस अवसर पर 60 अध्यापकों को सम्मानित किया गया।
मुख्यातिथि होटल डेज के निदेशक पंकज माटा, विशिष्ट अतिथि आईओसीएल के मुख्य प्रबंधक मंजरी तिवारी ने शिरकत की। सरोज बाला गुर ने बताया कि वे प्रतिवर्ष अध्यापकों को सम्मानित करने का कार्य हरियाणा राज्य भारत स्काउट एवं गाइड के बैनर तले करते हैं ,जिसमें विभिन्न जिलों के अध्यापकों का चयन कर उनको सम्मानित किया जाता है । अध्यापक एक ऐसी गरिमा है जो विद्यार्थी के जीवन को बदल देता है। उसके बताए हुए रास्ते पर चलकर छात्र उच्च शिखर तक पहुंच सकते हैं। इस मौके पर अनिल सैनी ने स्काउटिंग के इतिहास के बारे में बताया और अध्यापकों को विभिन्न प्रकार की तालियों से अवगत करवाया। इस मौके पर समीक्षा सेठी, नम्रता, चारु, पूजा, पायल, राजेंद्र प्रसाद शर्मा, जीएन विद्या मंदिर के चेयरमैन कृष्ण नारंग मौजूद रहे।