पानीपत। एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम ने हरिद्वार बाईपास रोड स्थित सनौली मोड फ्लाईओवर पूल के नीचे एक नशा तस्कर को 240 ग्राम चरस के साथ काबू किया। आरोपी की पहचान गढ़ी बेसिक के जबीर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद चरस को जब्त कर थाना सनौली में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर शुक्रवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से नशा सप्लायर के ठिकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।
एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी सुभाष ने बताया कि उनकी एक टीम वीरवार को गश्त के दौरान छाजपुर अड्डे पर थी। टीम को तभी गुप्त सूचना मिली कि हरिद्वार बाइपास रोड स्थित सनौली मोड फ्लाईओवर के नीचे एक युवक मादक पदार्थ बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना को पुख्ता मानकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने नियमानुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट ईटीओ ध्रुव गोस्वामी की मौजूदगी में युवक की तलाशी ली तो जींस की जेब से काले रंग की पॉलिथीन में पैक चरस बरामद हुआ। बरामद चरस का वजन करने पर 240 ग्राम पाया गया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह शार्टकट तरीके से रुपये कमाने के लिए चरस यूपी के शामली जिले के अलीपुरा गांव में एक युवक से कम कीमत पर खरीदकर लाया था। वीरवार देर शाम वह चरस को लेकर बेचने के लिए हरिद्वार बाइपास रोड स्थित सनौली मोड फ्लाई ओवर के नीचे ग्राहक की फिराक में आया था।