अवैध खनन रोकने के लिए बैठक लेते डीसी डॉ. वीरेद्र कुमार दहिया। स्रोत : सूचना विभाग
पानीपत। जिले में अवैध खनन रोकने के लिए प्रशासन सख्त कदम उठाएगा। अब ऐसे स्थानों की ड्रोन से निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही पुलिस व खनन विभाग की गश्त रहेगी।
जिला सचिवालय के सभागार में शुक्रवार को अवैध खनन रोकथाम के लिए बैठक की। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने कहा कि जिले में किसी भी सूरत में अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खनन स्थलों का नियमित निरीक्षण किया जाए और यमुना नदी क्षेत्र में किसी भी तरह की माइनिंग गतिविधि पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से आने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की सघन जांच की जाए और दोषी पाए जाने पर चालान करने में किसी भी तरह की ढिलाई न बरती जाए।
डॉ. दहिया ने निर्देश दिए कि ड्रोन की मदद से निगरानी बढ़ाई जाए ताकि किसी भी अवैध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। उन्होंने कहा कि इस अभियान में कृषि विभाग सहित सभी संबंधित विभागों का सक्रिय सहयोग जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रहा है।
यमुना क्षेत्र और सीमावर्ती इलाकों में दिन-रात निगरानी रखी जा रही है इस कार्य में और गंभीर होने की जरूरत है। एडीसी डॉ. पंकज, एसडीएम पानीपत मनदीप सिंह, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवनीत नैन, डीएसपी ट्रैफिक सुरेश सैनी व जिला खनन अधिकारी विनय शर्मा मौजूद रहे।