रेलवे स्टेशन पर उत्तर रेलवे डीआरएम के सामने ही दुर्ग एक्सप्रेस की चेन पुलिंग कर दी। आरपीएफ व रेलवे अधिकारियों की पहले से फूली सांसें और तेज हो गईं। आरपीएफ ने डीआरएम के सामने ही चेन पुलिंग करने में तीन को दबोच लिया और कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं डीआरएम रेलवे स्टेशन के विंडो का निरीक्षण करने के बाद अंबाला की तरफ निकल गए। डीआरएम के आने के बाद रेलवे स्टेशन पूरी तक से चमक गया।
हुआ यूं कि डीआरएम उत्तर रेलवे अरुण अरोड़ा बुधवार दोपहर साढ़े 12 बजे स्पेशल ट्रेन से पानीपत स्टेशन पर पहुंचे। रेलवे के स्थानीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। वे करीब दस मिनट तक रुके और विंडो से ही रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। रेलवे व आरपीएफ अधिकारी डीआरएम के आगे खड़े थे। इसी वक्त दुर्ग से जम्मूतवी जा रही 12549 दुर्ग एक्सप्रेस की चेन पुलिंग कर दी।
आरपीएफ के एएसआई वीरभान सिंह, कांस्टेबल सुल्तान सिंह व रविंद्र ने मौके पर तीन को दबोच लिया। उनकी पहचान करनाल निवासी केहर सिंह, ओमप्रकाश व कुरुक्षेत्र निवासी साहिल के रूप में की। दो आरोपी बिलासपुर से व एक सोनीपत से ट्रेन में सवार हुआ था। ट्रेन का अंबाला से पहले कहीं ठहराव न होने के चलते आरोपियों ने चेन पुलिंग कर दी।
पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस दौरान स्टेशन अधीक्षक धीरज कपूर, टीआई अनूप, सीएमआई संजीव शाह व आरपीएफ प्रभारी जीएस गौतम मौजूद रहे।
प्लेटफार्म नंबर एक चमकाया, रेहड़ियां हटवाकर आगे खड़ी कीं
डीआरएम निरीक्षण के चलते रेलवे के स्थानीय अधिकारी सुबह से ही रेलवे स्टेशन को चमकाने में लग गए। प्लेटफार्म नंबर एक पर साफ व्यवस्था को दुरुस्त करते हुए रेहड़ियाें को हटवा दिया। जिन्हें प्लेटफार्म नंबर एक पर अंबाला की ओर पानी की टंकी के पास लगवा दिया गया।