इसराना। पानीपत-रोहतक नेशनल हाईवे पर शहीद विजय गैस एजेंसी गोदाम के पास पानीपत की तरफ जा रही एक टाटा वेंचर सवारी गाड़ी में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। गाड़ी में उठ रही आग की लपटों को देख गाड़ी चालक ने गाड़ी से कूद कर अपनी जान बचाई। संयोगवश गाड़ी में कोई सवारी नहीं थी, अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
आग लगने की सूचना पुलिस के अलावा जिला मुख्यालय पर दमकल विभाग को देने पर मौके पर पहुंची दमकल गाड़ी ने आग बुझाने में मदद की। गाड़ी पूरी तरह जल चुकी थी। गाड़ी चालक ने मामले की सूचना पुलिस को दी है।
सुरेंद्र निवासी शामड़ी, सोनीपत ने बताया कि वह अपनी टाटा वेंचर गाड़ी लेकर अपने गांव शामड़ी से पानीपत जा रहा था। नेशनल हाईवे पर शहीद विजय गैस एजेंसी गोदाम के पास अचानक गाड़ी के पिछले हिस्से में आग की लपटें उठने लगी। उसने गाड़ी को तुरंत साइड में लगाकर गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई।