पानीपत। शहर में पानी निकासी का सिस्टम भी शुक्रवार की बारिश में फेल साबित रहा। बारिश के दौरान शहर की कई सड़कें जलमग्न रही। कई जगह शनिवार को 24 घंटे के बाद भी पानी की निकासी नहीं हो पाई। असंध रोड पर किसान भवन के सामने पानी जमा होने के चलते लोगों के निकलने तक को रास्ता नहीं मिल पा रहा था। वहीं असंध रोड के नए बनाए रेलवे अंडरपास में भी पानी जमा रहा। वहीं एलिवेटेड हाईवे पर संजय चौक के नजदीक पानी जमा रहा। तेज गति में वाहनों के चलने से पानी नीचे जीटी रोड पर गिर रहा था।
शुक्रवार को एकाएक मौसम परिवर्तन के बाद आए तूफान व बारिश के चलते शुक्रवार को बिजली के साथ पेयजल और पानी निकासी को लेकर लोग परेशान रहे। सरकारी अधिकारी छुट्टी मनाते रहे। बिजली निगम की टीम के अलावा दूसरे विभाग की टीम कहीं नजर नहीं आई। सड़कों के किनारे पेड़ों को पूरा दिन आसपास के लोग काटकर ले गए। यहां वन विभाग की टीम के सदस्य नजर नहीं आए। ऐसे में शाम को पेड़ों की लटकती टहनियों के चलते कई जगह हादसे भी हुए। वहीं नगर निगम पानी निकासी के पुख्ता प्रबंध नहीं कर पाया। असंध रोड के नीचे किसान भवन के सामने सड़क पर शनिवार को दोपहर बाद तीन बजे तक पानी जमा रहा। बिजली न आने पर पेयजल को लेकर भी लोग पूरा दिन भटकते रहे। नगर निगम ने टैंकरों की व्यवस्था नहीं की। लोगों को अपने स्तर पर व्यवस्था करनी पड़ी। इसके चलते जेनरेटर की मांग भी बढ़ गई। लोगों ने किराये पर जेनरेटर ले जाकर पानी की मांग पूरी की।
गर्मी से मिली कुछ राहत
बारिश के बाद शनिवार को गर्मी से कुछ राहत मिली। अधिकतम तापमान चार डिग्री कम हुआ। यह 37 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी 27 से दो डिग्री घटकर 25 डिग्री दर्ज किया गया। रविवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 37 और 26 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। आसमान में मध्यम बादल छाए रहेंगे।