पानीपत। शहर की लाइफ लाइन ड्रेन नंबर वन के साथ बाईपास बनाने को हरी झंडी मिल गई है। इसके प्रथम चरण में ड्रेन नंबर एक के साथ बाईपास के रूप में 1700 फुट लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। यह राजीव कॉलोनी से लेकर कुटानी रोड की पुलिया तक बनेगी। इसके लिए 50 लाख का एस्टीमेट तैयार कर लिया गया है।
नगर निगम इस सड़क का निर्माण कराएगा। इसके बाद शेष हिस्से में भी बाईपास बनाने काम जल्द शुरू कर दिया जाएगा। ड्रेन नंबर वन के साथ बाईपास बनने से जीटी रोड और सनौली रोड पर यातायात का दबाव बेहद कम हो जाएगा।
शहर वासियों को एलिवेटेड हाईवे बनने के बाद भी जाम से निजात नहीं मिल सकी है। अब ड्रेन नंबर-वन के साथ बाईपास बनाने की योजना तैयार की गई है। इसे अमलीजामा पहनाने के लिए कारगर कदम उठाने शुरू कर दिए गए हैं। ड्रेन के साथ बाईपास बनने के बाद शहर में एंट्री करने के बजाय वाहन बाईपास से यूपी जा सकेंगे।
अभी तक वाहनों को जीटी रोड से होते हुए संजय चौक, फिर सनौली रोड होते हुए यूपी जाना पड़ता है। इससे रोजाना जाम लग जाता है।
जल्द जारी किए जाएंगे टेंडर
ड्रेन नंबर-वन के साथ प्रथम चरण में 1700 फुट लंबी सड़क बनेगी। इस पर करीब 50 लाख की लागत आएगी। इसके लिए एस्टीमेट तैयार कर लिया गया है। जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। वर्क ऑडर होने के बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
शहर में नहीं करना होगा प्रवेश
जिला प्रशासन ने ड्रेन नंबर-वन के साथ बाईपास को जीटी रोड रेस्ट हाउस से लेकर बबैल नाके तक बनाने की योजना तैयार की है। यह करीब आठ किलोमीटर तक लंबा होगा। इसके बनने से यूपी की तरफ जाने वाहनों को शहर में प्रवेश करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वाहन बाईपास से सीधे सनौली रोड होते हुए यूपी जा सकेंगे।
कोट्स
शहर वासियों को रोजाना जाम की समस्या से दो-चार होना पड़ रहा है। पंद्रह मिनट का सफर एक से दो घंटे में पूरा होता है। बाईपास बनने के बाद शहरवासियों को बहुत हद तक जाम से निजात मिलेगी।
संजीव कुमार, पार्षद पति वार्ड-6 पानीपत।
कोट्स
ड्रेन नंबर-एक के साथ बाईपास बनाने की योजना अच्छी है। इसका निमर्णा जल्द होना चाहिए। इससे समय की बचत होगी। बाईपास बनने के बाद यूपी जाने और वहां से आने वाले वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं करना पड़ेगा
जयकुमार, पार्षद वार्ड-5 पानीपत।
वर्जन
ड्रेन नंबर-एक के साथ बाईपास बनाने के लिए एस्टीमेट तैयार कर लिया गया है। प्रथम चरण में राजीव कॉलोनी से कुटानी रोड की पुलिया तक सड़क बनाई जाएगी। इस निर्माण पर करीब 50 लाख रुपये की लागत आएगी। बाईपास को टुकड़ों में बनाने की योजना है।
सुरेश वर्मा, मेयर नगर निगम, पानीपत।
ड्रेन नंबर-वन के साथ बाईपास बनाने की योजना है। जल्द ही इसके लिए कारगर कदम उठाए जाएंगे।
एनडी वशिष्ट, एसई नगर निगम, पानीपत।