पानीपत। प्रयागराज महाकुंभ में लोगों की श्रद्धा उमड़ पड़ी है। शनिवार को रोडवेज बस में प्रयागराज जाने के लिए दोगुना श्रद्धालु पहुंच गए। ऐसे में रोडवेज के हर रोज एक बस भेजने के प्रबंध छोटे पड़ गए। डिपो अधिकारियों ने आला अधिकारियों से चर्चा के बाद दो बसों को प्रयागराज रवाना किया। इन बसों में करीब 104 श्रद्धालु रवाना हुए हैं। कुछ श्रद्धालु खड़े होकर गए हैं। यह बसें रविवार तड़के करीब चार बजे प्रयागराज पहुंचेंगी।
रोडवेज डिपो पानीपत से प्रयागराज के लिए हर रोज एक बस रवाना करता है। शनिवार को एक बस प्रयागराज के लिए तैयार की गई थी। यहां प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालु सुबह ही बस स्टैंड पर पहुंच गए। बस के चलने के समय दोपहर 12 से पहले ही सभी सीट फुल हो गई।बस को रवाना करने के बाद भी काफी सवारी बाहर खड़ी रह गई। यात्रियों ने रोडवेज अधिकारियों से प्रयागराज के लिए दूसरी बस भेजने की मांग की। अधिकारियों ने उच्चाधिकारियों से चर्चा के बाद प्रयागराज के लिए दूसरी बस को रवाना किया। यह बस दोपहर बाद 1:30 बजे डिपो से रवाना की। दोनों बसों में लगभग 104 सवारी सवार होकर प्रयागराज महाकुंभ के लिए रवाना हुई है।
रविवार की छुट्टी के चलते बढ़ी भीड़
यात्री नवीन, राकेश और प्रदीप ने बताया कि रविवार को छुट्टी है। वे महाकुंभ में स्नान कर दोपहर के समय वापस चलने की तैयारी में है। इसके लिए शनिवार को पानीपत रोडवेज डिपो आए हैं। यहां एक बस में सीट नहीं मिल पाई। अधिकारियों को दूसरी बस भेजने की मांग की। उनको दूसरी बस मिलने पर सीट मिल पाई है।
वर्जन :
रोडवेज डिपो के ड्यूटी इंस्पेक्टर शमशेर सिंह ने बताया कि महाकुंभ में स्नान करने के लिए लोग बड़ी संख्या में प्रयागराज जा रहे हैं। शनिवार को डिपो से दो बसों को भेजा गया है। सामान्य रूप से डिपो से एक बस रवाना की जाती है।