डॉग शेल्टर होम का निरीक्षण करते सचिव मनीष कुमार। संवाद
समालखा। शहर में लोगों की मांग को देखते हुए नगर परिषद द्वारा कुत्तों को पकड़कर नसबंदी करने का काम सोमवार से शुरू किया जाएगा। जिसके लिए नगर परिषद द्वारा संबंधित कर्मचारियों को दिशा-निर्देश दिए गए है।
सबसे पहले स्कूलों के आसपास से कुत्तों को पकड़कर उनकी नसबंदी की जाएगी। जिसको लेकर चुलकाना रोड पर पुरानी तहसील के पास पुरानी मार्किट कमेटी के कार्यालय में डॉग शेल्टर होम बनाया गया है। रविवार नगर परिषद के सचिव मनीष शर्मा ने डॉग शेल्टर होम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सचिव मनीष शर्मा ने डॉग शेल्टर होम में सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा। नगर परिषद सचिव मनीष शर्मा ने बताया कि शहर में करीब 1500 से 2000 कुत्ते हैं।
सोमवार से कुत्तों को पकड़ कर एंटी रेबीज के टीके लगा उनकी नसबंदी करने का काम ठेकेदार द्वारा किया जाना है। उन्होंने बताया कि कुत्तों को जिस जगह से पकड़ा जाएगा। इलाज के बाद करीब चार से पांच दिनों बाद उसे वही पर छोड़ दिया जाएगा। सरकारी कार्यालयों, अस्पताल और सभी वार्डों से कुत्तों को पकड़ने का काम किया जाएगा। सचिव ने बताया कि जिसको लेकर ठेकेदार की तरफ से सभी तैयारी की जा चुकी है।