माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। शिमला गुजरान गांव में रविवार दोपहर खेत से दादी के साथ घर लौट रही चार वर्षीय बच्ची पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची के पैर पर काट लिया, जिससे पैर में गहरा घाव हो गया और हड्डी तक दिखाई देने लगी। दादी ने कड़ी मशक्कत के बाद बच्ची को कुत्ते से छुड़ाया। इसके बाद उसे जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
शिमला गुजरान निवासी सुदेश ने बताया कि वह रविवार को अपनी चार वर्षीय पोती मिस्टी के साथ खेत में गई थी। दोपहर करीब 12 बजे वह उपले लेकर पोती के साथ पैदल घर लौट रही थी। गांव में पहुंचने पर एक आवारा कुत्ते ने अचानक मिस्टी के पैर पर काट लिया।
बच्ची को कुत्ते से छुड़ाने के लिए सुदेश ने काफी प्रयास किए। इस दौरान आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और कुत्ते को वहां से भगा दिया। सुदेश बच्ची को लेकर जिला नागरिक अस्पताल पहुंची। चिकित्सकों ने बच्ची के पैर के घाव का उपचार किया और एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाया।
परिजनों के अनुसार, कुत्ते के काटने से पैर में गहरा घाव हुआ है, जिसमें हड्डी तक दिखाई दे रही थी। ग्रामीण रमेश, हरिसिंह और दीपक ने बताया कि गांव में पिछले कई दिनों से एक आवारा कुत्ता घूम रहा है। ग्रामीणों का दावा है कि कुत्ता पहले भी कई लोगों को काट चुका है। उन्होंने प्रशासन से आवारा कुत्ते को पकड़वाने और ग्रामीणों को इससे राहत दिलाने की मांग की है।
जिला नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन घायल बच्ची मिस्टी। सोशल मीडिया