पानीपत। जिनवाणी विद्या भारती स्कूल में दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के नशा रोकथाम व उन्मूलन कार्यक्रम ने तीन माह के अनप्लगिंग अभियान डिजिटल से दूर नहीं, बस माइंडफूल हो जाओ का शुभारंभ किया। संस्थान ने युवा परिवार सेवा समिति के सहयोग से कार्यक्रम शुरू किया है। यह पहल देशव्यापी संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित की जा रही है। यह अभियान विशेष रूप से बच्चों और युवाओं में डिजिटल उपकरणों के अत्यधिक और असंतुलित उपयोग की बढ़ती समस्या पर ध्यान केंद्रित करता है।
संस्थान के सदस्यों ने कहा कि स्मार्टफोन, सोशल मीडिया, ऑनलाइन गेमिंग और अन्य डिजिटल माध्यमों पर बढ़ती निर्भरता शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, एकाग्रता, पढ़ाई और सामाजिक संबंधों को प्रभावित कर सकती है। इस चुनौती को ध्यान में रखते हुए अभियान का उद्देश्य लोगों को तकनीक के प्रति जागरूक और संतुलित दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित करना है। अभियान का संदेश डिजिटल से दूर नहीं, बस माइंडफूल हो जाओ यह बताता है कि तकनीक आज के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन इसका उपयोग समझदारी, जिम्मेदारी और संतुलन के साथ किया जाना चाहिए।