मतलौडा/पानीपत। प्रदेश स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में मेजबान पानीपत के लड़के और लड़कियों की टीमों ने स्वर्ण पदक जीतकर अपना दबदबा कायम रखा। यह प्रतियोगिता एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन द्वारा अटावला में आयोजित की गई। सब जूनियर में प्रदेश के लड़कों व लड़कियों की टीमों ने भाग लिया।
एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन द्वारा मतलौडा खंड के गांव अटावला में प्रदेश स्तरीय सब जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। एसोसिएशन की कोर कमेटी की देखरेख में कबड्डी प्रतियोगिता चली। जिसमें प्रदेश के सभी जिलों की टीमों ने भाग लिया। लड़कों के वर्ग में पानीपत प्रथम, कैथल द्वितीय और पलवल तृतीय रहा। पानीपत ने कैथल को 48-22 रन से एकतरफा हराया। वहीं लड़कियों में पानीपत प्रथम, मेवात द्वितीय और रोहतक तृतीय स्थान पर रहा।
पानीपत ने मेवात को 35-17 से हराया। बेस्ट रेडर अंकुश मलिक निवासी रिसालू गांव और बेस्ट डिफेंडर आर्यन मलिक निवासी राजा खेड़ी गांव रहे। लड़कियों में बेस्ट रेडर वंशिका शर्मा डाहर गांव की रही। मुख्यातिथि एसोसिएशन के पूर्व उप प्रधान धर्मबीर मलिक और जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन जितेंद्र अहलावत ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि कबड्डी हरियाणा का खेल है। युवा कबड्डी के मैदान पर पसीना बहाकर खुद को साबित कर रहे हैं। वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का मान बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन द्वारा समय-समय पर प्रतियोगिता कराई जाती है। यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा निखारने के लिए कराई जाती हैं। युवा पीढ़ी को शिक्षा के साथ खेलों में भी आगे आना चाहिए। वे आगे आएंगे तो प्रदेश और देश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन होगा। हम खेलों में दूसरे प्रदेश व देशों से बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। इस मौके पर विनोद कुमार, सोनू धीमान, चांद मलिक, राजेश उर्फ शेरनी मलिक, सोमदत्त शर्मा उर्फ टीटू, प्रदीप देशवाल, हरीश शर्मा, मोनू देशवाल व महिपाल देशवाल मौजूद रहे।