पानीपत। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में सिवाह गांव निवासी अमित कादियान लगातार दूसरी बार प्रधान बन गए। उन्होंने त्रिकोणीय मुकाबले में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी वीरेंद्र मलिक को 179 वोटों से हराया। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त किया। कादियान को चुनाव में 829 वोट मिलें। जबकि वीरेंद्र मलिक को 650 वोट मिली।
इस चुनाव में तीसरे नंबर पर 560 वोट के साथ पूर्व प्रधान रजनीश त्रेहन रहे। उन्हें हैट्रिक लगा चुके पूर्व प्रधान शेर सिंह खर्ब के समर्थन के बावजूद हार का सामना करना पड़ा। जिला बार रूम में शुक्रवार की सुबह साढ़े आठ बजे मॉक पोल की गई। इसके बाद नौ बजे मतदान शुरू किया। वकीलों ने सुबह ही मतदान करना शुरू कर दिया। शुरुआती घंटों में मतदान कुछ धीमा रहा। दोपहर के समय इसमें कुछ तेजी हुई। दोपहर बाद मतदान तेज हुआ। 2346 में से 2045 वकीलों ने मतदान किया। 419 में से 304 महिला वकीलों ने मतदान किया। इनके लिए अलग से पिंक बूथ बनाया गया था। इनका वोट प्रतिशत 72.6 रहा। पुरुषों का वोट प्रतिशत 85.1 रहा।
बॉक्स
उप प्रधान की सबसे बड़ी और कोषाध्यक्ष की सबसे छोटी जीत
पांचों पदों में सबसे अधिक 1016 वोट लेकर उप प्रधान हर्ष सैनी बने। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वियों को सबसे अधिक 360 वोट के अंतर से हराया। वहीं सचिव पद पर 843 वोट लेकर आशीष बंसल ने जीत दर्ज की। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वियों को 330 वोट के अंतर से हराया। सह-सचिव दिनेश कुमार रोहिल्ला बने। उन्हें 811 वोट मिली और 99 वोट के अंतर से जीत सुनिश्चित की। कोषाध्यक्ष पद पर सिवाह गांव निवासी बबीता कादियान सबसे कम 10 वोट के अंतर से जीती। उन्हें 692 वोट मिले। जबकि अजय शर्मा को 682 और राकेश को 651 वोट मिली। वे इसके साथ जिला बार एसोसिएशन में कोषाध्यक्ष बनने वाली पहली महिला वकील भी बन गई हैं।
बॉक्स
दिग्गजों का समर्थन त्रेहन व सुमित के नहीं आया काम
हैट्रिक लगा चुके शेर सिंह खर्ब ने पिछले साल अमित कादियान का समर्थन किया था। अमित कादियान 1096 वोट लेकर 270 वोट के अंतर से प्रधान बने थे। बार में चर्चा रही कि इस बार शेर सिंह खर्ब नामांकन के दिन रजनीश त्रेहन के साथ नजर आए और उनको समर्थन दिया, लेकिन इसके बावजूद रजनीश को जीत न मिल सकी। इसके अलावा उन्होंने सचिव पद पर सुमित आर्य कादियान को समर्थन किया था, लेकिन उन्हें भी 513 वोट के साथ हार का सामना करना पड़ा।
बॉक्स
59 ने किया नोटा का प्रयोग
बार एसोसिएशन के चुनाव में 2346 वकीलों में से 2045 वकीलों ने मतदान किया। चुनाव में पांच बूथ बनाए गए थे, जिनमें पहले बूथ पर 447, दूसरे पर 436, तीसरे पर 419, चौथे पर 439 और पांचवें पर 304 वोट पोल हुई। जिसमें सभी पांचों बूथों पर 2.52 प्रतिशत वकील यानि 59 वकीलों ने नोटा का बटन दबाया। जिसमें प्रधान व उप प्रधान पद पर छह-छह, सचिव पर पांच, सह-सचिव पर 22 और कोषाध्यक्ष में 20 नोटा पर वोट डली।
बॉक्स
लगातार दूसरी बार प्रधान बनने वाले आठवें प्रधान बने अमित
बार एसोसिएशन पानीपत में लगातार दूसरी बार जीत हासिल कर प्रधान बनने वाले अमित कादियान आठवें नंबर के प्रधान है। इससे पहले कुंदन लाल शर्मा ने 1956-57, रणधीर सिंह घणघस ने 1992,93,94, सत्यदेव रुहिल ने 1995-96, उमेद सिंह अहलावत ने 1997,98, सतेंद्र सिंह ने 2001 व 2002 और 2013 व 14, शेर सिंह खर्ब ने 2018, 19, 20, 21 में जीत हासिल की थी।
कोषाध्यक्ष पद पर पहली बार महिला विजयी
बार एसोसिएशन के अब तक के चुनाव में कोषाध्यक्ष पद पर पुरुष वकीलों का कब्जा था, लेकिन इस पद विजय पानी पाने वाली बबीता कादियान पहली महिला अधिवक्ता हैं। उन्होंने पिछले साल भी इस पद पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उस समय हार का सामना करना पड़ा था। महिलाओं की कुल विजय की बात करे तो महज तीन महिला इससे पहले उप प्रधान व सह-सचिव रह चुकी है। आशा शर्मा व नीलम खन्ना पहले उप प्रधान रह चुकी हैं। उनके 15 साल बाद वर्ष 2018 में मीनू कमल ने सह-सचिव बनी थी। अब पांच साल बाद बबीता कादियान को विजय मिली है। इससे महिला अधिवक्ताओं में हौसला बढ़ा है।
कुछ कार्य अधूरे रहे, जिन्हें पूरा करूंगा : अमित कादियान
लगातार दूसरी बार प्रधान बनाने पर मैं अपने सीनियर व जूनियर सभी साथियों का धन्यवाद करता हूं। मेरे कुछ कार्य अधूरे रहे, जिन्हें वह पूरा करूंगा। इसके अलावा वकीलों के लिए नए चैंबर, लिटीगेंट हॉल, पार्किंग लाइट, सोलर सिस्टम व अलग से बिजली मीटर लगवाने का काम करुंगा।
- अमित कादियान, प्रधान, बार एसोसिएशन पानीपत
बॉक्स
किस पद पर किसको कितनी वोट मिली-
प्रधान पद के लिए
1. अमित कादियान- 829
2. रजनीश त्रेहन- 560
3. वीरेंद्र मलिक- 650
4. नोटा - 006
नोट- जीत का अंतर 179 वोट
उप प्रधान पद के लिए
1. हर्ष सैनी- 1016
2.मनोज शर्मा- 656
3.नरेंद्र बजाज- 166
4.राकेश मान- 201
5. नोटा- 006
नोट: जीत का अंतर 360 वोट
सचिव पद के लिए
1 अनिरुद्ध रुहिल- 332
2. अंकुश धमीजा- 352
3. आशीष बंसल- 843
4. सुमित आर्य- 513
5. नोटा- 005
नोट: जीत का अंतर 330 वोट
सह-सचिव पद के लिए
1. दिनेश कुमार- 811
2.करनदीप धनखड- 712
3 मोहित कुहड़- 500
4 नोटा- 022
नोट: जीत का अंतर 99 वोट
कोषाध्यक्ष पद के लिए
अजय शर्मा - 682
बबिता कादियान- 692
राकेश- 651
नोटा- 020
नोट: जीत का अंतर 10 वोट
वर्जन
विजेताओं को सोमवार को दिलाया जाएगा शपथ
बार एसोसिएशन का चुनाव शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हुआ है। अमित कादियान को वकीलों ने प्रधान चुना है। सोमवार को सभी पांचों विजेताओं को 2023-24 सत्र के लिए शपथ दिलाई जाएगी।
एडवोकेट राजेश अहलावत, चुनाव अधिकारी, बार एसोसिएशन पानीपत