पानीपत। धान की सीधी बिजाई (डीएसआर) योजना में किसान को प्रति एकड़ 4500 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके लिए किसानों का मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा।
उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने कहा कि पारंपरिक धान रोपाई की तुलना में सीधी बिजाई तकनीक से किसानों को अनेक लाभ प्राप्त होते हैं। इससे खेतों में पानी की खपत कम होती है, श्रमिकों पर निर्भरता घटती है। इसके साथ समय और लागत दोनों की बचत होती है। वर्तमान समय में गिरते भूजल स्तर को देखते हुए जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक है और धान की सीधी बिजाई इस दिशा में प्रभावी समाधान बनकर उभरी है। योजना के लिए 15 जून पंजीकरण कराया जाएगा।