माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की पानीपत रिफाइनरी में ऑटोमेशन सिस्टम से छेड़छाड़ कर डीजल चोरी करने के मामले का खुलासा हुआ है। आरोप है कि टैंकरों में तय क्षमता से अधिक डीजल भरकर अतिरिक्त तेल को बाहर निकालकर बेचा जाता था।
रिफाइनरी के मार्केटिंग विभाग के महाप्रबंधक एस. श्रीनिवास की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने ठेकेदार के तीन कर्मचारियों समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
शिकायत के अनुसार, 15 अक्तूबर 2025 को मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स स्थित टैंक लॉरी फिलिंग एरिया के निरीक्षण के दौरान संदिग्ध गतिविधियां सामने आई थीं। जांच में पता चला कि टैंकरों में निर्धारित मात्रा से अधिक हाई-स्पीड डीजल भरा जा रहा था।
आंतरिक जांच में सामने आया कि पेट्रोलियम उत्पादों की अवैध निकासी के लिए आईओसीएल के ऑटोमेशन सिस्टम के सॉफ्टवेयर या सेंसर से छेड़छाड़ की गई थी। इससे सिस्टम में टैंकर की क्षमता सामान्य दिखाई देती थी, जबकि उसमें वास्तविकता में अतिरिक्त तेल भर दिया जाता था।
जांच में कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी अजय कुमार (मतलौडा), जसपाल सिंह (ददलाना), पंकज (इसराना) और टैंकर चालक प्रकाश व विक्रम (मॉडल टाउन, पानीपत) के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सॉफ्टवेयर और सेंसर से छेड़छाड़ का शक : रिफाइनरी में तेल लोडिंग के लिए अत्याधुनिक ऑटोमेशन सिस्टम लगा है। जांच में आशंका जताई गई है कि आरोपियों ने सिस्टम की कार्यप्रणाली को प्रभावित कर अतिरिक्त मात्रा में तेल भरने का रास्ता बनाया।
पहले भी सामने आ चुके हैं चोरी के मामले
रिफाइनरी से निकलने वाले पेट्रोलियम उत्पादों में चोरी और मिलावट के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। 16 जून को सदर थाना पुलिस ने रिफाइनरी रोड स्थित एक फैक्टरी में छापा मारकर मिलावटी तारकोल तैयार करने का खुलासा किया था। इसके बाद 28 जून को उसी फैक्टरी में मिलावटी पेट्रोल बनाने का मामला सामने आया था। दोनों मामलों में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
जम्मू जा रही मालगाड़ी में भी हुई थी ओवर फिलिंग
रिफाइनरी से जम्मू जा रही एक मालगाड़ी में भी ओवर फिलिंग का मामला सामने आया था। दो जून को पंजाब के राजपुरा के पास वैगनों से तेल छलकने के बाद जांच की गई थी। इसके बाद रिफाइनरी प्रबंधन ने मामले की आंतरिक जांच शुरू की थी।
रिफाइनरी के मार्केटिंग महाप्रबंधक एस. श्रीनिवास की शिकायत पर मशीन से छेड़छाड़ कर डीजल चोरी करने के आरोप में सरकारी संपत्ति के भीतर धोखाधड़ी और चोरी से संबंधित बीएनएस की धाराओं 305 और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। -भूपेंद्र सिंह, एसपी
यह मामला रिफाइनरी के मार्केटिंग विभाग से संबंधित है। विभागीय अधिकारी ने पुलिस को शिकायत दी है। अब आगे की कार्रवाई पुलिस कर रही है। -रेणू, पीआरओ, पानीपत रिफाइनरी।