मंदिर में जलाभिषेक करते श्रद्धालु। संवाद
- सावन के दूसरे सोमवार को सुबह से शिवालयों में पहुंचने लगे भक्त
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। सावन के दूसरे सोमवार को शिवालय बोल-बम, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठे। महाशिवरात्रि नजदीक आते ही वातावरण शिवमय हो गया है। चारों तरफ शिव भक्त भगवा रंग में दिखने लगे हैं। सोमवार को शिवालयों में सुबह श्रद्धालुओं की भीड़ लगनी शुरू हो गई। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक व रुद्राभिषेक, शहद से अभिषेक कर बेलपत्र, धतूरा आदि चढ़ाया और मन्नत मांगी। मॉडल टाउन स्थित सनातन धर्म मंदिर, गोशाला शिव मंदिर, असंध रोड स्थित शिव मंदिर, सेक्टर-12 स्थित शिव मंदिर के साथ शहर के अन्य शिवालयों में बाबा के जयकारों की गूंज सुनाई दी।
सेक्टर-12 स्थित शिव मंदिर के पंडित रामप्रकाश पाठक ने बताया कि सावन महीने के दूसरे सोमवार को शिव भक्तों की आस्था उमड़ पड़ी। मंदिर में सोमवार तड़के चार बजे बाबा का श्रंगार कर मंगल आरती की। इसके बाद मंदिर के कपाट खोले गए। तड़के से दोपहर 12 बजे तक श्रद्धालुओं की भीड़ कम नहीं हुई। शिवालय बोल-बम, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा।
मॉडल टाउन स्थित सनातन धर्म मंदिर के प्रधान तरुण गांधी ने बताया कि सावन के दूसरे सोमवार को सुबह आरती के समय से ही जलाभिषेक के लिए मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए बेलपत्र, भांग, धतूरा, फल और फूल आदि चढ़ाकर पूजा की और अपनी मन्नत मांगी। शाम को मंदिर में मंदिर की महिला मंडली द्वारा भजन-कीर्तन किया गया और शयन आरती की गई। जलाभिषेक के लिए मंदिर में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।