- नगर परिषद अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप लगा जिला नगर आयुक्त को दी शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। नगर परिषद के अधिकारी एसडीएम कोर्ट के आदेश के 26 दिन बाद भी एसएमएच मेडिकेयर अस्पताल से अपनी जमीन नहीं छुड़वा पाए। आरटीआई कार्यकर्ता पीपी कपूर ने नगर परिषद अधिकारियों पर मिलीभगत के आरोप लगाए हैं। इसकी शिकायत जिला नगर आयुक्त डॉ. पंकज को की है। आरटीआई कार्यकर्ता पीपी कपूर ने शिकायत में आरोप लगाया कि एसडीएम समालखा ने गत 1 अगस्त को एसएमएच मेडिकेयर अस्पताल के मामले में फैसला दिया था। जिसमें नगर परिषद को अस्पताल प्रबंधन द्वारा कब्जाई भूमि मुक्त कराने और इस पर चहारदीवारी बनाने के आदेश दिए थे। एसडीएम कोर्ट के आदेश के 26 दिन बीत जाने के बाद भी नगर परिषद अधिकारियों ने कब्जा कार्रवाई नहीं की और न ही चहारदीवारी बनाई।
पीपी कपूर ने बताया कि इंडस्ट्रियल एरिया में जीटी रोड पर 100 बेड के एसएमएच मेडिकेयर एंड सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के मालिकों ने अगले हिस्से में नगर परिषद की 635 वर्ग गज जमीन को शामिल कर लिया था। इसमें अपना प्रवेश और पार्किंग बना ली। पालिका अधिकारियों से मिलकर भवन निर्माण का नक्शा भी स्वीकृत करा लिया था। उन्होंने इसकी शिकायत जिला नगर आयुक्त को दी। उनकी जांच में आरोप सही पाए गए। उन्होंने अस्पताल के स्वीकृत नक्शे को रद्द करने के आदेश दिए थे।
वर्जन :
एसडीएम कोर्ट के आदेश पर अस्पताल से कब्जा कार्रवाई के लिए पुलिस से मदद मांगी गई है। पुलिस मदद के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। इसका नक्शा रद्द करने की प्रक्रिया भी अपनाई जा रही है।
मनीष, सचिव, नगरपालिका, समालखा