फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panipat News: नोटिस के बावजूद पांच माह तक चलता रहा स्कूल, अब किया सील

Tue, 30 Sep 2025 12:07 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पानीपत
विज्ञापन
बच्चे की पिटाई प्रकरण के बाद स्कूल पर लगी सील। संवाद
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर
विज्ञापन

पानीपत। जाटल रोड स्थित सृजन पब्लिक स्कूल में दूसरी कक्षा के बच्चे को उल्टा लटकाकर पीटने के मामले में शिक्षा विभाग की भी बड़ी लापरवाही सामने आई है। पांच माह पहले मान्यता न होने पर स्कूल को बंद करने का नोटिस दिया गया था इसके बावजूद केवल 150 गज के मकान में नर्सरी से पांचवीं कक्षा तक स्कूल चलता रहा। यह मकान किराए पर लिया गया था।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। बच्चों की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ तो शिक्षा विभाग हरकत में आया। सोमवार को जिला शिक्षा अधिकारी व जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर स्कूल पर ताला जड़कर सील कर दिया। उधर, सोमवार को बच्चों के अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर हंगामा किया क्योंकि यहां पढ़ाई कर रहे करीब 35 बच्चों का भविष्य अधर में है।
विज्ञापन

जाटल रोड स्थित इस स्कूल में नर्सरी से चौथी कक्षा तक करीब 35 बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। हालांकि स्कूल पांचवीं तक का था। 3 मई 2025 को शिक्षा विभाग की टीम ने स्कूल का निरीक्षण किया था। मान्यता और संसाधन न होने के कारण संचालिका व प्रिंसिपल रीना को स्कूल को बंद करने का नोटिस जारी कर दिया था। इसके बावजूद स्कूल का संचालन होता रहा। रविवार को बच्चों की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ तो शिक्षा विभाग फिर हरकत में आ गया।
सोमवार को जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुभाषचंद्र भारद्वाज टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एक बार फिर स्कूल की जांच कराई। स्कूल में 11 बच्चे और एक शिक्षिका मिली थी। सभी बच्चों के अभिभावकों को बुलाकर स्कूल को खाली करा दिया। इसके बाद स्कूल पर ताला लगाकर सील लगा दी गई है। शिक्षा अधिकारियों का कहना है कि सभी अभिभावकों को बच्चों को अन्य स्कूल में दाखिल कराने को कहा है।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि स्कूल पहले करीब सात साल तक ददलाना में संचालित हो रहा था। जहां से स्कूल को शिफ्ट कर दिया गया था। इसके बाद करीब एक साल पहले स्कूल को जाटल रोड पर शिफ्ट किया गया। जहां पर आस-पास के क्षेत्रों के करीब 35 बच्चे पढ़ाई कर रहे थे।
बच्चों के परिजनों ने किया हंगामा
सोमवार को स्कूल में पढ़ाई करने वाले बच्चों के परिजन भी स्कूल पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद वे सभी मॉडल टाउन थाने पहुंचे। जहां पर उन्होंने स्कूल संचालिका पर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों ने स्कूल की प्रिंसिपल पर ही आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वह बच्चों से मारपीट करती थी। खुद को बचाने के लिए वैन के चालक को फंसा दिया है।
विज्ञापन

स्कूल को मई माह में ही बंद करने का नोटिस जारी कर दिया गया था इसके बावजूद स्कूल का संचालन होता रहा। अब स्कूल को सील कर दिया है। अभिभावकों को बच्चों को दूसरे स्कूलों में दाखिला दिलाने को कहा गया है।
- सुभाषचंद्र भारद्वाज, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, पानीपत

बच्चे की पिटाई प्रकरण के बाद स्कूल पर लगी सील। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें