ग्रीन पटाखों का भी एक लाइसेंस जारी नहीं, गली-नुक्कड़ पर सजीं दुकानें पुलिस अब तक केवल तीन स्थानों से पकड़ पाई अवैध पटाखे
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। प्रदूषण रहित दिवाली मनाने के प्रशासनिक दावों की जमीनी हकीकत कुछ और ही है। जिले में पटाखों की बिक्री पर प्रतिबंध के बावजूद शहर की गलियों, नुक्कड़ों और बाजारों में अवैध रूप से पटाखे बेचे जा रहे हैं। प्रशासन ने इस बार ग्रीन पटाखों की बिक्री के लिए भी कोई लाइसेंस जारी नहीं किया है, इसके बावजूद जगह-जगह दुकानें सज गई हैं।
दिवाली से एक दिन पहले ही शहर की हवा बिगड़ने लगी है। शनिवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) बढ़कर 276 पर पहुंच गया, जबकि शुक्रवार शाम यह 226 दर्ज किया गया था।
प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से इस बार पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल पर पाबंदी लगाई गई है। लोगों से बिना आतिशबाजी के त्योहार मनाने की अपील भी की गई है, ताकि वायु प्रदूषण को नियंत्रित रखा जा सके। इसके बावजूद शहर में अवैध पटाखों का कारोबार बेरोकटोक जारी है।
पुलिस अब तक केवल तीन स्थानों पर पकड़ पाई पटाखे
अवैध पटाखों की बिक्री रोकने के लिए सख्ती के दावों के बीच पुलिस की कार्रवाई भी सीमित नजर आ रही है। शहर में कई जगह पटाखों की दुकानें और रेहड़ियां लगी हैं, लेकिन पुलिस अब तक केवल तीन स्थानों से ही अवैध पटाखे पकड़ पाई है। खुलेआम हो रही बिक्री से प्रशासनिक निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं।
24 घंटे में 50 अंक बढ़ा एक्यूआई
पटाखों की बिक्री के साथ पराली के धुएं के कारण भी हवा की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। शनिवार को पानीपत का एक्यूआई 276 दर्ज किया गया, जो शुक्रवार शाम के 226 के मुकाबले 50 अंक अधिक है।
असंध रोड स्थित मदान अस्पताल के संचालक डॉ. अनंत मदान ने बताया कि बढ़ता एक्यूआई बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों के लिए नुकसानदायक है। हवा में पीएम 2.5 की मात्रा बढ़ने से आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी हो सकती है। दिवाली की रात आतिशबाजी से प्रदूषण और बढ़ने की आशंका है।
वर्जन
दिवाली खुशियों का त्योहार है। लोगों को इसे प्रदूषण रहित तरीके से मनाना चाहिए। सभी नागरिकों से अपील है कि वे पर्यावरण संरक्षण में प्रशासन का सहयोग करें।
डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ, उपायुक्त