मतलौडा। दस दिन की छुट्टी के बाद आज क्षेत्र के अनेक गैरसरकारी स्कूल खुले रहे। जबकि सरकार की ओर से प्रदेशभर के सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों की छुट्टियां 14 जनवरी तक की है।
शिक्षा विभाग के अधिकारी सब कुछ जानने के बाद भी अनजान बने हैं। सरकारी स्कूलों को कोई रोकने टोकने वाला नहीं है। इसलिए वे अपने खुद के बनाए कानूनों पर ही चलते हैं।
सोमवार को सवेरे से दोपहर बाद तक शहर और क्षेत्र की सड़कों पर बच्चों से भरी स्कूल बसों को देखा गया। बाजार में कई जगह जाम की स्थिति बनी रही। लेकिन जब मतलौडा बैठने वाले शिक्षा विभाग के बीईईओ नसीब सिंह चौहान से स्कूलों के खुलने बारे पूछा तो तपाक से जवाब दिया कि नहीं सब स्कूल बंद है।
उन्हाेंने या उनके विभाग के किसी कर्मचारी ने न तो किसी प्राइवेट स्कूल को खुले देखा है और न ही किसी बस को आते जाते देखा और न ही किसी व्यक्ति से सुना।
अभिभावक जोगेंद्र, प्रवीण कुमार, रमेश कुमार और दीपक कुमार ने कहा कि यह नही है कि प्राइवेट स्कूल संचालकों को बच्चों की पढ़ाई की फिक्र है। बल्कि अपनी फीस इकट्ठा करने की चिंता है। शिक्षा विभाग के अधिकारी ऐसे स्कूलों के खिलाफ क्याें नही कोई कार्रवाई करते यह उनकी समझ से परे है।