पानीपत के डिप्टी मेयर समेत विपक्षी पार्षदों ने शहर में विकास शुरू न होने पर तीन जनवरी को धरने पर बैठने की एक बार फिर चेतावनी दी और नगर निगम के संयुक्त आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।
संयुक्त आयुक्त ने शहर का बराबर विकास करने की बात कही। डिप्टी मेयर सीमा पाहवा की अगुवाई में विपक्षी पार्षद सोमवार को संयुक्त आयुक्त और एडीसी आरएस वर्मा से मिले।
उन्होंने कहा कि शहर में एक समान विकास कार्य नहीं कराए जा रहे। विधायक और मेयर मनमर्जी के क्षेत्रों में विकास कार्य करा रहे हैं। इससे शहर के पार्षदों में गहरा रोष है। वे कई बार शहर के बराबर विकास की मांग उठा चुके हैं, लेकिन उनको हर बार अनदेखा किया जा रहा है।
नगर निगम वार्ड में कराए जाने वाले विकास कार्यों की पार्षदों को जानकारी तक नहीं दे रहे। इससे उनमें रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि शहर में एक जनवरी से बराबर विकास शुरू नहीं हुआ तो वे तीन जनवरी को विधायक और मेयर के खिलाफ धरने पर बैठेंगे।
इस मौके पर हरीश शर्मा पार्षद, दुष्यंत भट्ट, सुरेंद्र रेवड़ी, लोकेश नांगरू, राजकुमार पाहवा और अशोक नारंग मौजूद रहे।