संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। ऑल हरियाणा पावर कारपोरेशन वर्कर यूनियन ने सरकार की ऑनलाइन तबादला नीति का विरोध करते हुए व अंकित जेई को गलत तरीके से निलंबित करने के विरोध में मंगलवार को सर्कल कार्यालय पर प्रदर्शन किया।
कार्यकारी अभियंता के माध्यम से बिजली मंत्री हरियाणा सरकार व अतिरिक्त मुख्य सचिव बिजली विभाग को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन की अगुवाई संयुक्त रूप से सब अर्बन यूनिट प्रधान राकेश व सीटी यूनिट प्रधान दलेल शर्मा व संचालन राज्य कमेटी के सदस्य अमित कुमार ने किया।
राज्य कमेटी सदस्य प्रमोद शर्मा ने कहा कि ऑनलाइन तबादला नीति बिजली विभाग में लागू नहीं हो सकती क्योंकि टेक्निकल स्टाफ को कई साल में बिजली की लाइनों का ज्ञान होता है। अगर उन्हें नई जगह पर भेजा जाता है तो जानकारी के अभाव में आए दिन दुर्घटना होगी। जिससे कर्मचारियों की जान को खतरा होगा। इसलिए यूनियन इस पॉलिसी का विरोध करती है।