पानीपत। शिक्षा विभाग पार्ट टाइम सफाई कर्मचारी एसोसिएशन ने प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 30 जून 2003 के बाद लगाए गए पार्ट टाइम सफाई कर्मचारियों को विभागीय नीति के तहत नियमित करने की मांग की है। इन पार्ट टाइम सफाई कर्मचारियों को सेवाएं देते हुए 18-20 वर्ष हो चुके हैं लेकिन इन्हें अभी तक नियमित नहीं किया गया है। एसोशिएशन ने शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन दे पार्ट टाइम सफाई कर्मचारियों को नियमित करने की मांग की है।
शिक्षा मंत्री को भेजे मांग-पत्र में एसोसिएशन ने कहा कि प्रदेश के सभी स्कूलों में लगे पार्ट टाइम सफाई कर्मचारियों को 30 जून 2003 के बाद लगे वरिष्ठता सूची के तहत पार्ट टाइम सफाई कर्मचारियों को छह वर्ष के बाद विभागीय नीति 11 नवंबर 2003 के तहत नियमित किया जाए। जिन पार्ट टाइम सफाई कर्मचारियों का स्वर्गवास हो गया है या सेवानिवृत्त हो चुके हैं, उनके परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। वहीं, जो स्कूल विलय किए गए हैं, उन स्कूलों में लगे कर्मचारियों को अन्य स्कूलों में समायोजित किया जाए।
इस अवसर पर रोहित कुमार, धर्मवीर, महासचिव सुरेंद्र कुमार, धर्मपाल, वीरेंद्र कुमार, विजेंद्र सिंह, विजय, रिंकू, ईश्वर सिंह, रवि कुमार व राजेश कुमार मौजूद रहे।