पानीपत। गर्मी की छुट्टियां शुरू होते ही पहाड़ों में जाने के लिए यात्रियोंं की संख्या में बढ़ोत्तरी हो गई है। बसों में सीट के लिए मारामारी जैसे हालात हैं। विशेषकर हिमाचल, कटरा, ऋषिकेश, देहरादून और शिमला के लिए बसों की मांग बढ़ रही है। यात्रियोंं को बसोंं में सीट नहीं मिलने के कारण खड़े होकर यात्रा करनी पड़ रही है। सुबह ही पहाड़ों में जाने के लिए यात्रियों की भीड़ बस स्टैंड पर देखने को मिल रही है।
रोडवेज निगम की ओर से कटरा के लिए एक रोडवेज बस का संचालन किया जा रहा है। यह बस शाम को करीब तीन बजे बस स्टैंड से रवाना होती है। यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण यात्रियों को बस में सीट नहीं मिल पाती है, साथ ही शिमला के लिए भी एक बस पर्याप्त नहीं है। शिमला के लिए बड़ी संख्या में यात्री जा रहे हैं और देहरादून व ऋषिकेश के लिए भी एक-एक बस का ही संचालन हो पा रहा है, ऐसे में यात्रियों को परेशानी हो रही है।
यात्री विनेश, मुकेश और कुनाल ने बताया कि वह गर्मी की छुट्टियों में परिवार सहित घूमने के लिए निकले है, लेकिन बसोंं में सीट नहीं मिलने के कारण उन्हें खड़े होकर यात्रा करनी पड़ी। वह परिवार सहित ऋषिकेश घूमने के लिए निकले थे साथ ही अन्य जगह पहाड़ों में जाने के लिए बसोंं की मारामारी देखने को मिल रही है। उन्होंने रोडवेज अधिकारियों से पहाड़ों में जाने के लिए अन्य बसों के संचालन की मांग की है। इससे यात्रियों को कोई परेशानी न हो।