पानीपत। शादी का सीजन शुरू होते ही बाजार कपड़ों के साथ ब्रांडेड घड़ियों की भी मांग बढ़ी है। खासतौर पर दूल्हा-दुल्हन और उनके परिजनों में टाइमेक्स, टाइटन, फॉसिल और सिटीजन जैसी ब्रांड की घड़ियों का क्रेज देखने को मिल रहा है। लोग अब घड़ियों को केवल समय देखने का साधन नहीं बल्कि एक स्टाइल और रुतबे का प्रतीक मानने लगे हैं। बाजार में हर वर्ग और हर बजट के लिए ब्रांडेड घड़ियों की शानदार रेंज उपलब्ध है। हर शादी सीजन में घड़ियों की बिक्री में जबरदस्त इजाफा होता है लेकिन इस बार मांग पिछले सालों से कहीं ज्यादा है। इस बार युवाओं में टाइमेक्स और टाइटन ब्रांड की घड़ियों की सबसे अधिक मांग है। खास बात यह है कि अब दूल्हे और दुल्हन दोनों एक-दूसरे को गिफ्ट के रूप में ब्रांडेड कपल वॉच देना पसंद कर रहे हैं।
सेक्टर छह के सौरभ शर्मा ने बताया कि उन्होंने अपनी शादी के लिए टाइटन की जोड़ी घड़ी खरीदी हैं। टाइटन की डिजाइन और क्वालिटी दोनों शानदार हैं। शादी में घड़ी गिफ्ट देना अब ट्रेंड बन गया है क्योंकि यह यादगार और उपयोगी दोनों होती है।
इंसार बाजार लालबत्ती चौक स्थित सहगल वॉच के संचालक आशीष सहगल ने बताया कि इन दिनों ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। पहले जहां लोग गहनों या परिधानों पर ज्यादा ध्यान देते थे लेकिन अब ट्रेंड बदल चुका है। लग्जरी घड़ियां अब एक फैशन स्टेटमेंट बन चुकी है। बाजार में सबसे ज्यादा बिकने वाले मॉडलों में टाइटन रेगालिया, टाइमेक्स क्लासिक कलेक्शन, फॉसिल हाइब्रिड स्मार्टवॉच और सिटीजन इको-ड्राइव जैसे मॉडल शामिल हैं। इनकी कीमतें तीन हजार से 30 हजार रुपये तक हैं, जबकि कुछ प्रीमियम लिमिटेड एडिशन घड़ियों की कीमत एक लाख रुपये तक जाती है। शादी-ब्याह के मौके पर ब्रांडेड घड़ियों का बाजार तेजी से बढ़ रहा है। इस सीजन में बिक्री 25 से 30 प्रतिशत तक बढ़ सकती है। ऑनलाइन बिक्री के बावजूद ग्राहक आज भी दुकान से खरीदारी करना ज्यादा पसंद करते हैं, क्योंकि वे घड़ी को पहनकर देख सकते हैं और असली-नकली की पहचान कर पाते हैं।