भाषण प्रतियोगिता में दीप प्रज्ज्वलित करते रिफाइनरी अधिकारी व कॉलेज के शिक्षक। स्रोत : कॉलेज
पानीपत। एसडी पीजी कॉलेज में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अवसर पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें दीपांजली ने प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता दूसरे और इशिका तीसरे स्थान पर रहीं, जबकि श्वेता और अदिति को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रतियोगिता का आयोजन इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल के सौजन्य और कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम में आईओसीएल के चीफ जनरल मैनेजर (विजिलेंस) गौतम प्रिया मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि सत्यनिष्ठा का अर्थ केवल अकेले में ही नहीं, बल्कि हर परिस्थिति में ईमानदारी और सही मार्ग पर चलना है। सामाजिक बुराइयों और भ्रष्टाचार को जनजागरूकता के माध्यम से समाप्त किया जा सकता है। डिप्टी जनरल मैनेजर (विजिलेंस) विशाल मित्तल ने कहा कि युवाओं की भागीदारी से समाज में जागरूकता और आदर्श व्यवस्था विकसित की जा सकती है। सीनियर मैनेजर (विजिलेंस) संजीव कुमार ने भ्रष्टाचार को देश की उन्नति में बाधक बताते हुए ईमानदारी के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। मैनेजर (एचआर) विजेंद्र कुमार ने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और ईमानदारी से कार्य करने पर जोर दिया। कॉलेज प्राचार्य डॉ. अनुपम अरोड़ा ने कहा कि भ्रष्टाचार देश के आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक विकास में बड़ी बाधा है। इसे समाप्त करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका डॉ. संतोष कुमारी और डॉ. कविता रानी ने निभाई। मंच संचालन डॉ. संतोष कुमारी ने किया। संवाद