पानीपत। तहसील कैंप जट्टूराम चौक पर बिजली निगम की लापरवाही से झुके हुए हाईवोल्टेज तारों की चपेट में आकर बुधवार को एक तूड़ी व्यापारी की मौत हो गई। वह अपने साझेदार के निर्माणाधीन दुकान पर राज मिस्त्री को लेने आया था। हादसे के बाद लोगों में बिजली निगम के प्रति रोष है।
लोगों का आरोप है कि बिजली निगम अधिकारियों ने शिकायत के बाद भी तारों को ठीक नहीं किया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
उत्तम नगर (तहसील कैंप) निवासी सुरेंद्र तूड़ी व्यापारी था। वह अपने साझेदार चरणजीत की तहसील कैंप जट्टूराम चौक स्थित निर्माणाधीन दुकान पर राज मिस्त्री को लेने आया था। बताया जा रहा है सुरेंद्र के मकान में बारिश का पानी घुस जाता था। वह उसकी रोकथाम के लिए राज मिस्त्री की तलाश कर रहा था।
वह बात करते-करते गली की तरफ आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बारिश के चलते हाईवोल्टेज तारों ने उसे अपनी तरफ खींच लिया। तार उसके माथे को छू गया। इससे वह बुरी तरह से झुलस गया। चरणजीत और आसपास के लोग उसको लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
निगम ने शिकायत के बाद भी नहीं बदली लाइन
कॉलोनीवासियों ने हादसे का जिम्मेदार बिजली निगम को ठहराया है। लोगों का आरोप है कि गणेश निवासी कृष्ण नगर ने बिजली निगम अधिकारियों को तार बदलने की शिकायत दी थी। वार्ड पार्षद और एसडीओ ने भी इसकी मंजूरी दे दी थी। एक माह बाद भी लाइन को नहीं बदला जा सका। निगम अधिकारियों की अनदेखी के चलते ट्रांसफार्मर एक तरफ झुक गया और हाईवोल्टेज के तार मकानों के साथ छू गए।
तहसील कैंप स्थित हाई वोल्टेज की लाइन पुरानी हो चुकी है। इसको बदला जाना है। कार्य प्रगति पर है। एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत होने की सूचना मिली है। लाइन को बदलने के आदेश दे दिए हैं। निगम की टीम जल्द ही लाइन बदल देगी।
ललित अत्री, एसडीओ, शहरी सब डिविजन पानीपत
पुलिस को तहसील कैंप जट्टूराम चौक पर करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।
सुरेंद्र सिंह, प्रभारी, तहसील कैंप चौकी।