पानीपत। काबड़ी रोड पर बदमाशों ने एक शराब ठेकेदार पर हमला कर 42 हजार रुपये लूट लिए। ठेकेदार शराब के ठेकों से सोमवार शाम को रुपये का कलेक्शन कर रहा था। बदमाशों ने ठेकेदार के सिर पर पीछे से हमला कर वारदात को अंजाम दिया। ठेकेदार बेहोश हो गया। होश आने के बाद उसने सेल्समैन को वारदात की सूचना दी। सेल्समैन ने उसे निजी अस्पताल में दाखिल कराया। सदर थाने की पुलिस ने ठेकेदार के बयान पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।
भगत कॉलोनी, जाटल रोड निवासी धर्मबीर पुत्र मांगेराम ने बताया कि वह कादियान एंड कंपनी के आसल जोन के शराब ठेकों का इंचार्ज है। वह हर रोज शराब ठेकों से पैसों की कलेक्शन खुद करता है। सोमवार रात साढ़े सात बजे वह काबड़ी रोड स्थित शराब के ठेकों से पैसों का कलेक्शन कर रहा था। यहां से कलेक्शन कर वह गांव महमूदपुर, कचरौली और फरीदपुर के लिए बाइक से निकला था। काबड़ी रोड पर एक खंडहरनुमा फैक्टरी के पास किसी ने पीछे से उसके सिर पर वार कर दिया। वह जमीन पर गिर गया। सिर में गंभीर चोटें आने से बेहोश हो गया। बदमाश उसकी जेब से 42 हजार रुपये निकालकर फरार हो गए।