उपायुक्त समीर पाल सरो ने वीरवार को जिला स्तरीय शिवाजी स्टेडियम का दौरा कर तैयारियों का जांचा। उन्होंने अधिकारियों एवं सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
उन्होंने बताया कि 19 दिसंबर को कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदर्शनी के साथ किया जाएगा। जिसमें परिवहन एवं आवास मंत्री कृष्णलाल पंवार मुख्यातिथि होंगे।
प्रदर्शनी में गीता थीम पर आधारित विभिन्न प्रदर्शनियां होंगी। जिसमें धार्मिक, सामाजिक और शिक्षण संस्थाओं के संदेश अंकित होंगे।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से भी पूरा सहयोग दिया जाएगा। यह प्रदर्शनी तीन दिन तक चलेगी। शिवाजी स्टेडियम की शुरुआत में ही एक भव्य स्वागत द्वार बनाया जाएगा।
स्टेडियम में झंडे भी लगवाए जाएंगे। बिजली, जनस्वास्थ्य विभाग और नगर निगम के एक्सईएन और जेई तीनों दिनों तक प्रदर्शनी में तैनात रहेंगे। महिला व पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था भी की जाएगी।
समाजसेवियों की भी लगाई डयूटी
गीता जयंती में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के लिए शहर के प्रमुख समाज सेवियों की डयूटी लगाई गई है। उपायुक्त ने बताया कि 19 से 21 दिसंबर तक शिवाजी स्टेडियम व मॉडल टाउन के लिए सुनील ग्रोवर, 20 दिसंबर सेमिनार के लिए सुरेश अरोड़ा, 21 दिसंबर शोभा यात्रा हुडा सेक्टर-12 के लिए सूरज दुरेजा व शोभा यात्रा माडल टाउन के लिए अनिल मदान को इंचार्ज बनाया गया है।
20 20 दिसंबर को आर्य पीजी कॉलेज में गीता की सार्वभौमिकता विषय पर सेमिनार होगी। जिसमें प्रसिद्ध विद्वान अपना व्याख्यान देंगे। 21 दिसंबर को गीता जयंती समारोह का सबसे अहम दिन होगा। इस दिन सुबह शोभायात्रा निकाली जाएगी और शाम को सांस्कृतिक संध्या का आनंद उठाने का मौका मिलेगा।
गीता की पालकी के लिए अंबाला से मंगवाया रथ
21 दिसंबर को निकाली जाने वाली शोभायात्रा में श्रीमद्भागवत गीता को सुंदर पालकी पर सजाकर इसे रथ में लाया जाएगा। यह रथ विशेष रूप से तैयार कराकर अंबाला से मंगवाया गया है।
इस दिन सुबह 11 बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा एसडीवीएम स्कूल सेक्टर-12 से शुरू होकर शिवाजी स्टेडियम में संपन्न होगी। इससे पूर्व स्थानीय देवी मंदिर में शोभायात्रा की पूजा होगी।
पूरे शहर में गीता जयंती महोत्सव से संबधिंत 40 द्वार बनाए जाएंगे। यात्रा एंजल मॉल, साईं बाबा चौक, कमल फर्नीचर सनौली रोड, संजय चौक से होते हुए जीटी रोड और असंध रोड से आकर रामलाल चौक के रास्ते शिवाजी स्टेडियम में पहुंचेगी।
शिक्षण संस्थाएं लगा सकती हैं अपना स्टाल
नगराधीश विवेक चौधरी ने कहा कि शिवाजी स्टेडियम में गीता जयंती को लेकर सभी कार्य युद्धस्तर पर चल रहे हैं। प्रदर्शनी के लिए विभिन्न स्टाल बनकर तैयार हो चुके हैं।
संबंधित संस्थाएं और स्कूल व अन्य शिक्षण संस्थाएं अपना स्टाल ले सकते हैं। यह स्टाल जिला प्रशासन की तरफ से नि:शुल्क रूप से दिया गया है। इस मौके पर एडीसी सुजान सिंह यादव, एसडीएम सुभाष श्योराण, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त अश्वनी मेंगी, डीएसपी आत्मा राम, तहसीलदार हरिओम अत्री, समाजसेवी सुरेश अरोड़ा, सूरज दुरेजा, सुनील ग्रोवर, कृष्ण नारंग, वीरेंद्र सोनी व राजेश सूरी मौजूद रहे।