अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। शहर के सीवर व्यवस्था की पोल मानसून के ट्रेलर ने ही खोल दी है। सीवर चोक होने से अभी तक हुई बारिश से ही शहर की मुख्य सड़कों और गलियों में जलभराव हो गया है। मानसून से पहले डीसी, नगर निगम कमिश्नर ने शहर का दौरा कर शहर की सीवर व्यवस्था, नाले, नालियों की सफाई के निर्देश दिए थे।
मानसून की दूसरी बारिश में जीटी रोड पर करीब ढाई फुट तक पानी भर गया। इससे 15 मिनट का सफर तीन घंटे से अधिक समय मेें पूरा हुआ। ऐसे में सहज अंदाजा लग जाता है कि शहर का सीवर सिस्टम कितना बदहाल है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस मानसून में अच्छी बारिश होगी। ऐसे में यदि लगातार दो घंटे बारिश हो जाती है, तो शहर पानी से लबालब हो जाएगा।
अभी तक हुई बारिश का पानी ही शहर के वार्डों की गलियों में अभी तक भरा हुआ है। इससे बीमारी फैलने का डर बना गया है। नालों का पानी ओवरफ्लो होकर गलियों में भरा हुआ है। इससे क्षेत्र के लोगों जबरदस्त परेशानी हो रही है। दुर्गंध ने लोगों का रहना मुश्किल किया हुआ है, तो गंदगी से बीमारी फैलने की आशंका है। शहर के ज्यादातर वार्डों में पानी निकासी की व्यवस्था बुरी है।
अब तक भरा है बारिश का पानी
वधवाराम कॉलोनी, नूरवाला स्कूल के पास, भावना क्लीनिक रोड, वार्ड-5 की मेन गली, गोहाना रोड अंडर पास, असंध रोड अंडर पास, स्काई लार्क पेट्रोल पंप के सामने अब तक बारिश का पानी भरा हुआ है। अस कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी हो रही है।
बारिश से हुआ बुरा हाल
पट्रोल पंप के सामने, खादी आश्रम, मॉडल रामलाल चौक, बस स्टैंड पर बारिश के दौरान पानी जमा होने से हालत खराब है।
जिले में अब तक की बारिश(एमएम में)
2 जुलाई नौ एमएम
8 जुलाई 18एमएम
9 जुलाई छह एमएम
12 जुलाई छह एमएम
16 जुलाई पांच एमएम
कुछ देर की बारिश से गलियों में घुटनों तक पानी जमा हो जाता है। पानी निकासी की व्यवस्था ठप होने से परेशानी हो रही है। लगातार बारिश होने पर घर में पानी घुस जाता है।
माधव खन्ना, तहसील कैंप।
विभाग ने लाखों रुपये सफाई व्यवस्था पर खर्च किए, लेकिन अभी तक हालात खराब हैं। बारिश होने पर नाले ओवरफ्लो हो जाते हैं और गंदा पानी घरों में घुस जाता है। इससे परेशानी होती है।
अजीत सिंह, किला क्षेत्र वासी।
कोट्स फोटो
बारिश होने पर जीटी रोड पर तीन फुट तक पानी जमा हो जाता है। इससे यहां जाम लग जाता है। जाम और जीटी रोड पर पानी जमा होने से लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी होती है।
मनोज कुमार, तहसील कैंप निवासी।
बारिश से असंध रोड, गोहाना रोड के पास बने अंडरपास में पानी भर जाता है। इससे आने-जाने में परेशानी होती है। अंडरपास के नीचे पानी जमा होने पर पुल के ऊपर से ही जाना पड़ता है।
राजेश शर्मा, डिपो प्रधान।
नगर निगम सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीर है। शहर में नाले-नालियों की सफाई की जा रही है। संबंधित कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।
वीना हुड्डा, कमिश्नर नगर निगम, पानीपत।
शहर में सीवर की सफाई तेजी से की जा रही है। शहरवासियों को परेशानी नहीं आने दी जाएगी। विभाग सफाई व्यवस्था को गंभीरता से ले रहा है।
वीके मौर, एक्सइएन, जन स्वास्थ्य विभाग मंडल-2, पानीपत