नगर निगम शहर में बरसाती पानी के जलभराव की निकासी को महज 2 घंटे में निकालने का दावा करता है, लेकिन शहर के कई एरिया में वीरवार को हुई मूसलाधार बारिश के पानी की 24 घंटे बाद भी निकासी नहीं हो पाई है। बरसाती पानी की निकासी शहरवासियों की मूलभूत समस्याओं में से एक है। इसे लेकर नगर निगम आयुक्त ने शुक्रवार को निगम अधिकारियों के साथ बैठक भी की। जिसमें शहर के विकास कार्यों समेत पानी की निकासी पर रणनीति बनाई गई। अब निगम अधिकारी सोमवार को सीएम मनोहर लाल के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के साथ इस पर विचार विमर्श करेंगे। माना जा रहा है कि इस बार निगम बरसाती पानी की निकासी के लिए नया एक्शन प्लान भी तैयार कर सकता है।
बता दें कि बुधवार से वीरवार तक हुई बारिश में शहर की सड़कों पर बरसाती पानी जमा हो गया। इसमें कुछ क्षेत्र ऐसे हैं, जहां से बरसाती पानी की निकासी नहीं हो पाई। शहर के असंध रोड स्थित मेन अंडरपास, अनाज मंडी, सब्जी मंडी, वार्ड नंबर दो, तीन और चार की कॉलोनियों में तो जलभराव होने से गंदे पानी के तालाब बन चुके हैं। सेक्टर 25 व 29 में लोगों को मोटर पंप लगाकर बरसाती पानी की निकासी करनी पड़ती है। नूरवाला और वार्ड नंबर 26 के हरिसिंह चौक पर 24 घंटे निकासी के लिए मोटर पंप का सहारा लिया जाता है।
वहीं, नगर निगम आयुक्त आरके सिंह ने बताया कि वे निगम अधिकारियों से बैठक कर शहर की निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर विचार कर रहे हैं। इसके लिए सीवरेज सिस्टम, ड्रेन, वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम व स्ट्राम वाटर पाइपलाइन बिछाने पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे भरपूर प्रयास करेंगे कि जल्द ही शहर की निकासी व्यवस्था बेहतर हो और लोगों को इस समस्या से छुटकारा मिले।