शहर धीरे-धीरे कोरोना की दूसरी लहर से पार पाने की ओर बढ़ रहा है। मंगलवार के कोरोना के आंकड़े राहत भरे रहे। 32 लोग जहां ठीक होकर घर लौटे वहीं संक्रमितों की संख्या महज 11 रही। पॉजिटिविटी रेट 0.8 प्रतिशत रहा।
बता दें, पिछले आठ दिनों में कोरोना के 122 केस मिले हैं जबकि 922 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। एक सप्ताह से हर रोज औसतन 16 केस मिले हैं। कोरोना के केस में अब 97 प्रतिशत तक की कमी दर्ज की जा रही है। जिले में अब ऑक्सीजन की मांग तीन मीट्रिक टन से भी कम है। कोविड अस्पताल में फिलहाल पांच रोगी भर्ती हैं। जिले में अब तक आए कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 30952 हो चुकी है वहीं 30126 लोग कोरोना को हरा चुके हैं। मंगलवार को किसी की भी जान नहीं गई। हालांकि आंकड़ों में 479 लोगों की मौतें हुई हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सीरो सर्वे के लिए प्लानिंग भी कर ली गई है। अब मुख्यालय से निर्देश मिलते ही सर्वे शुरू हो जाएगा। इसमें ये जांचा जाएगा कि जिले में कितने प्रतिशत लोगों में एंटीबॉडी बन चुकी है।
दोबारा छह घंटे की हुई ओपीडी
कोरोना के मामलों में कमी आते ही स्वास्थ्य विभाग ने सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी का समय छह घंटे कर दिया है। अब सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक अस्पतालों में मरीजों की जांच होगी। सरकार ने कोरोना संक्रमण को देखते हुए दो माह पहले ओपीडी का समय सुबह 9 से 12 बजे तक कर दिया था। अब छह घंटे की ओपीडी होने से रोगियों को काफी राहत मिलेगी। पहले बिना इलाज के मरीजों को घर लौटना पड़ता था।
1037 लोगों ने लगवाई वैक्सीन
जिले में अब तक 22 प्रतिशत लोगों को कोरोना वैक्सीन लग चुकी है। मंगलवार को 1037 लोगों ने कोरोना वैक्सीन लगवाई है। इनमें से 18-44 आयु वर्ग के 260 लोगों ने वैक्सीन लगवाई है, जबकि 45 से अधिक आयु के 602 लोगों ने पहली व 174 ने दूसरी डोज लगवाई है। स्वास्थ्य विभाग को मंगलवार को कोरोना वैक्सीन की 9 हजार डोज मिली है। ये डोज 18-44 आयु वर्ग के लोगों के लिए हैं। सिविल सर्जन की ओर से वैक्सीनेशन के नोडल अधिकारी को कार्यक्रम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं । आशा वर्करों को लोगों को वैक्सीनेशन के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।
कोरोना मीटर:
जिले में कुल केस- 30952
जिले मे कोरोना से अब तक ठीक हुए- 30126
जिले में अब तक कोरोना से मौत- 479
जिले में अब तक कोरोना के एक्टिव केस- 228
- मंगलवार को नए मिले केस- 11
- मंगलवार को कोरोना से ठीक हुए लोग- 32
- मंगलवार को कोरोना से मौत- 0
हम कोरोना की दूसरी लहर पर जीत की ओर बढ़ रहे हैं, ये सुखद है, लेकिन अब भी जागरूकता जरूरी है। हमें भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाने से बचना है। मास्क को अपनी आदत में शुमार करें। दूसरों को भी कोरोना के खिलाफ जागरूक करें। वैक्सीन जरूर लगवाएं।
-डॉ. जितेंद्र कादियान, सिविल सर्जन पानीपत।