ब्रेजा कार में सवार चोर सेक्टर-12 स्थित हैंडलूम कारोबारी के घर के बाहर से एक घंटे की मशक्कत के बाद ऑटोमैटिक फॉर्च्यूनर गाड़ी चोरी कर ले गए। कारोबारी ने सुबह कार नहीं मिलने पर सीसीटीवी फुटेज चेक की तो पड़ोसी के कैमरे में वारदात कैद मिली। हैंडलूम कारोबारी ने चांदनीबाग थाना पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सेक्टर-12 निवासी पारस चांदना ने बताया कि वह हैंडलूम व्यापारी हैं। तीन मई की रात वह फैक्टरी से रात नौ बजे घर लौटे और गाड़ी को घर के बाहर बने रैंप पर पार्क कर दिया। चार जून की सुबह कार नहीं मिली। उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। उसके बाद उन्होंने पड़ोसी के कैमरों की सीसीटीवी फुटेज निकलवाई तो उसमें चोर गाड़ी चोरी करते नजर आए। पारस चांदना ने बताया कि चांदनीबाग थाना पुलिस को शिकायत देने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज दी है।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, चोरी की वारदात
हैंडलूम कारोबारी पारस ने बताया कि कैमरा चेक किया तो ब्रेजा कार से आए चार चोर उनकी कार में चोरी करते दिखाई दिए। पारस ने बताया कि उनकी कार ऑटोमैटिक है। सीसीटीवी के अनुसार अल सुबह 3:40 बजे चोरों ने कार का शीशा तोड़ा और अंदर घुस गए। ठीक 4:40 बजे चोर कार स्टार्ट करके ले गए। ऑटोमैटिक होने के कारण कार को स्टार्ट करने में चोरों को एक घंटा लग गया।
हर 15 मिनट में गश्त करने वाली पुलिस एक घंटे तक लापता थी
हैंडलूम कारोबारी की कार चोरी होने से परिवार के साथ ही आसपास के लोगों को भी सुरक्षा की चिंता हो गई है। पड़ोसियों का कहना है कि पुलिस रात को हर हर 15 मिनट में गश्त करने का भरोसा दिलाती है, लेकिन पॉश इलाका होने के बावजूद भी पुलिस गश्त नहीं करती। लगातार वाहन चोरी होते रहते हैं। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार एक घंटे तक चोर गाड़ी चोरी करने का प्रयास करते रहे, लेकिन एक घंटे तक कोई पुलिस की गाड़ी, राइडर अन्य ने गश्त नहीं की।
पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-हरविंद्र सिंह, चांदनीबाग थाना प्रभारी