सनौली रोड पर बिल्डिंग मैटेरियल के व्यापारी पर ईंट और बेल्ट से हमला कर दो युवकों ने 70 हजार रुपये लूट लिए। व्यापारी का आरोप है कि दो युवकों ने उसकी बाइक को टक्कर मारी और फिर उसी की गलती बताकर मारपीट की। व्यापारी का कहना है कि एक युवक को उसने पकड़ लिया था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे छुड़ाकर भगा दिया। व्यापारी ने दोनों युवकों के खिलाफ थाना चांदनीबाग पुलिस को शिकायत दी है।
गांव उग्राखेड़ी निवासी रोहित मलिक ने बताया कि वह बबैल रोड पर बिल्डिंग मैटेरियल का काम करते हैं। वह सोमवार को पेमेंट लेने के लिए विद्यानंद कॉलोनी जा रहे थे। उसके पास पहले से ही 70 हजार रुपये की नकदी थी। वे सनौली रोड पर पहुुंचे तो पीछे से दो युवकों ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। युवकों ने अपनी गलती मानने की बजाए उन्हीं पर लापरवाही से बाइक चलाने का आरोप लगा दिया। एक युवक ने बेल्ट और दूसरे ने ईंट लेकर उन पर हमला कर दिया। जेब में रखे 70 हजार रुपये लूट लिए। मौके पर भीड़ इकट्ठा हुई तो एक युवक फरार हो गया, जबकि दूसरे युवक को उसने पकड़ लिया और अपने भाई को कॉल कर बुलाने लगा। इसी बीच स्थानीय लोग आए और युवक को छुड़ाकर भगा दिया।
आरोपियों की हुई पहचान, धूप सिंह के रहने वाले हैं दोनों युवक
रोहित ने बताया कि उसने पुलिस कंट्रोल रूम में वारदात की सूचना दी। सूचना मिलते ही चांदनीबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। उसने घटना के बारे में जानकारी दी तो पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की। युवकों की पहचान धूप सिंह नगर निवासी अनुज और पिंटू उर्फ रजनीश के रूप में हुई।
रोहित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीम लगा दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-हरविंद्र सिंह, चांदनीबाग थाना प्रभारी