साल की सबसे बड़ी चोरी को चोरों ने ब्राह्मण माजरा गांव में अंजाम दिया। चोर एक जमींदार के घर से 35 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवरात, एक स्विफ्ट कार, साढ़े चार रुपये नकदी और 60 हजार रुपये का अन्य सामान चोरी कर ले गए। कुल 51 लाख रुपये की चोरी बताई जा रही है। जब चोरों से तिजोरी का ताला नहीं टूटा तो चोर 10 किलोग्राम की तिजोरी ही उठाकर ले गए। शनिवार को जमींदार अपने बच्चों से मिलने चड़ीगढ़ गया था। भतीजे ने रविवार सुबह फोन कर इसकी सूचना अपने चाचा को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में राममेहर पुत्र जिले सिंह निवासी ब्राह्मण माजरा ने बताया कि वह किसान है। उसके बच्चे चंडीगढ़ में पढ़ाई कर रहे हैं। शनिवार सुबह वह पत्नी के साथ बच्चों से मिलने चंडीगढ़ गया था। रविवार सुबह उसके भतीजे ने फोन कर उसे बताया कि गेट का ताला टूटा हुआ है। वो सूचना मिलते ही घर आया। घर के मैन गेट के अलावा सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे। कमरे के अंदर रखी तिजोरो गायब मिली, जिसमें 35 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात व साढ़े चार लाख रुपये की नकदी थी। इसके अलावा करीब 60 हजार रुपये कीमत के कपड़े, रजाई व अन्य सामान भी गायब मिला। घर के अंदर खड़ी जिस कार में चाबी लगी हुई थी चोर उसे भी ले गए, जबकि साथ खड़ी दूसरी कार चाबी न होने के कारण चोरी होने से बच गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी नरेंद्र मलिक व एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए।
70 साल पुरानी थी तिजोरी
जमींदार राममेहर ने बताया कि घर के कमरे में रखी तिजोरी कभी उसकी मां अपने मायके से अपनी शादी में लेकर आई थी। तिजोरी 70 साल पुरानी थी।
घर और आसपास कही नहीं हैं सीसीटीवी कैमरे
राममेहर का घर गांव की फिरनी पर है। घर व आसपास किसी मकान पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। पुलिस गांव के बाहर के रास्तों पर सीसीटीवी कैमरे होने की पड़ताल में जुटी है।
वारदात में किसी जानकार के होने का शक
ये किसी जानकार को ही पता था कि राममेहर शनिवार को अपनी पत्नी के साथ चंडीगढ़ में बच्चों से मिलने के लिए जाएगा। उसी रात को इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
नरेंद्र मलिक, एसएचओ इसराना थाना पुलिस