प्रदेश सहित जिले के विभिन्न औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में चल रही दाखिला प्रक्रिया के लिए पांचवीं काउंसलिंग मंगलवार से शुरू कर दी गई है। जोकि 19 नवंबर तक जारी रहेगी। पांचवीं काउंसलिंग में वे विद्यार्थी भी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने अभी तक आईटीआई में दाखिले के लिए आवेदन ही नहीं किया है। ऐसे नए आवेदक ही आवेदन के पात्र होंगे, जिन आवेदकों ने पहली चार काउंसलिंग में सीट अलॉटमेंट के बाद भी दाखिला फीस न भरने के कारण अगली काउंसलिंग में भाग लेने से वंचित कर दिया गया है। पांचवीं दाखिला काउंसलिंग में कोई भी आरक्षण लागू नहीं होगा।
कोरोना महामारी के कारण इस वर्ष औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में अन्य वर्षों की अपेक्षा दाखिला प्रक्रिया देरी से शुरू की गई। जानकारों की मानें तो जिस समय आईटीआई में दाखिला प्रक्रिया शुरू हुई, उस समय तक ज्यादातर विद्यार्थी अलग-अलग संस्थानों में दाखिला ले चुके थे। यही कारण है कि इस बार चार काउंसलिंग पूरी होने के बावजूद करीब 49 प्रतिशत सीटों पर ही दाखिला सुनिश्चित हो पाया है।
नए ऑप्शन के लिए आज खुलेगा पोर्टल
18 से 19 नवंबर तक पोर्टल को नए व पुराने आवेदकों के लिए नए ऑप्शन व प्रेफरेंस के लिए खोला जाएगा। आवेदक 19 नवंबर तक अपनी च्वाइस भर सकते हैं। जो विद्यार्थी चौथे राउंड तक की काउंसलिंग में दाखिला नहीं ले पाए थे, वे विभाग द्वारा निर्धारित पेनल्टी फीस भरकर पांचवें राउंड की काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं। बता दें कि दोहरी शिक्षा नीति के तहत चल रहे कोर्स में 14 वर्ष से अधिक आयु के विद्यार्थी भी दाखिला ले सकते हैं।
ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने किसी कारण से अभी तक आवेदन भी नहीं किया है, काउंसलिंग में शामिल होकर अपना दाखिला सुनिश्चित कर सकते हैं।
डॉ. कृष्ण कुमार, प्रधानाचार्य कम नोडल अधिकारी, राजकीय आईटीआई पानीपत।