जिला लघु सचिवालय की पार्किंग में रोज करीब दो हजार लोगों की जेब पर डाका मारा जा रहा है। पार्किंग ठेकेदार तय शर्तों से अधिक रकम वाहन चालकों से वसूल रहा है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए निर्धारित 10 रुपये पार्किंग शुल्क की जगह 20 रुपये और कार चालकों के लिए निर्धारित 20 की जगह 30 रुपये खुलेआम वसूले जा रहे हैं। यह खुलासा तब हुआ जब लघु सचिवालय की पार्किंग को लेकर एक आरटीआई का जवाब आया। पार्किंग के नियम और शर्तों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है, वो भी पूरे जिला प्रशासन की नाक के नीचे।
वाहन चालकों को नहीं देते हैं पर्ची, रेट बोर्ड तक नहीं लगा
पार्किंग ठेके की नीलामी की शर्तों के मुताबिक पार्किंग की एक पर्ची रिकार्ड में रखनी और दूसरी पर्ची वाहन चालक को देनी होगी। लेकिन वाहन चालक के पार्किंग छोड़ने पर पर्ची लेकर फाड़ दी जाती है। इतना ही नहीं पार्किंग शुल्क का बोर्ड भी नहीं लगाया गया है।
एक पर्ची आठ घंटे के लिए होती है, जिसे फाड़ दिए जाने से दोबारा होती है वसूली
पार्किंग के लिए एक बार कटाई गई पर्ची आठ घंटे के लिए होती है। एक बार शुल्क देकर सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक पार्किंग कर सकते हैं। अगर वाहन चालक निर्धारित समय में दोबारा पार्किंग में आए तो उसे फिर से आठ घंटे के पर्ची लेनी होगी। ग्राहक के पास पर्ची नहीं रहे, इसीलिए वाहन चालक के बाहर निकलते ही उसे फाड़ दिया जाता है।
ठेकेदार ने पार्किंग पर्ची पर अपने ही नियम लिखे
पार्किंग ठेका कंपनी ने अपनी पर्ची पर अपने ही नियम लिखें हैं। इनके अनुसार जिस गाड़ी का इंश्योरेंस होगा, उसकी ही जिम्मेदारी होगी। हेल्मेट व अन्य सामान गुम होने की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी। अपनी चाबी अपने पास रखें, टोकन गुम होने पर जांच पड़ताल होगी। पर्ची फटने या पानी में भीगने पर पार्किंग की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी।
36 लाख के टेंडर का दावा, इसलिए होगी दोगुनी वसूली
सरकारी नियमों के विरुद्ध गाड़ियों से अवैध चार्ज लेने पर ठेकेदार के कारिंदे से इस बारे में पूछा गया तो उसने दावा किया कि इस बार टेंडर 36 लाख में पड़ा है। इसलिए शुल्क ज्यादा ही लिया जाएगा। हालांकि एक अनुमान के मुताबिक अगर रोज करीब दो हजार वाहनों पर 10 रुपये की अतिरिक्त वसूली का हिसाब लगाएं तो 20 हजार रुपये हो गए। महीने के छह लाख रुपये और साल के 72 लाख रुपये लोगों से ठगे जा रहे।