जेल में सफाई कर्मचारी के जूतों से 10 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ 18 एनडीपीएस के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस को शक है कि जेल में कैदियों को अफीम सप्लाई की जाती थी।
जिला जेल के उप अधीक्षक जोगिंद्र ने बताया कि आउटसोर्सिंग पॉलिसी के तहत सफाई कर्मचारी दीपक पुत्र अंग्रेज सिंह 18 सितंबर से जेल में काम कर रहा है। सोमवार को दीपक ड्यूटी पर आया तो जेल में नियुक्त वार्डर चांद सिंह को उसपर शक हुआ। जिस पर उसने कर्मचारी दीपक की तलाशी ली। दीपक के जूतों की तलाशी लेने पर कुशन के नीचे एक सफेद पन्नी मिली। जिसमें से नशीला पदार्थ मिला। चेक करने पर पता चला कि अफीम है। अधिकारी ने बताया कि सेक्टर 29 थाने से एएसआई श्रीभगवान, एचसी राजीव, एचसी वीरेंद्र कार्रवाई करने के लिए जेल पहुंचे।