बकाया प्रॉपर्टी टैक्स की रिकवरी को लेकर नगर निगम ने एक्शन मोड में आते ही सोमवार को जीटी रोड स्थित एक कमर्शियल इमारत को सील कर दिया। इस इमारत पर निगम का करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये बकाया प्रॉपर्टी टैक्स था। टैक्स बजाज हैंडलूम के नाम से बनाया गया था, जबकि मौके पर इमारत का नाम प्रिंस हैंडलूम मिला। इसके लिए निगम टीम ने अपने साथ ड्यूटी मैजिस्ट्रेट राजेश कौशिक, ईओ बलबीर सिंह, टैक्स सुपरिटेंडेंट अजय कुमार व चचंल भान, सीपीओ राकेश कादियान, कर शाख कर्मचारी मोनू समेत अन्य निगम अधिकारियों को भी साथ लिया था। थाना चांदनी बाग से पहले पुलिस प्रोटेक्शन ली गई। इसके बाद इमारत को सील किया गया। वहीं इमारत मालिक का दावा है कि उन्होंने निगम का टैक्स चुकाया है। इसकी उनके पास रसीद भी है। इसे लेकर मौके पर निगम अधिकारियों के साथ काफी गर्मजोशी से चर्चा की गई, लेकिन अधिकारी इमारत को सील करने में जुटे रहे।
इसके बाद अधिकारी निगम कार्यालय में दस्तावेज लेकर पहुंचे और निगम का रिकार्ड भी जांचा। जिस पर निगम के कर शाखा अधिकारियों ने रिकार्ड को दिखाते हुए बताया कि उनके पास संबंधित भवन के टैक्स की कोई एंट्री नहीं है। जिस पर इमारत मालिक ने निगम के खिलाफ कोर्ट में कार्रवाई करने की चेतावनी दी। बता दें कि निगम अपने बकाया टैक्स की वसूली को लेकर अब तक करीब 50 लोगों को नोटिस भेज चुका है। इनमें से करीब 46 सरकारी और प्राइवेट इमारतें ऐसी भी हैं, जिन पर टैक्स सौ करोड़ रुपये से ज्यादा का बनता है। बड़े बकायादारों की सूची में मित्तल माल व रहेजा मॉल का भी नाम है। दोनों पर करीब 33 करोड़ रुपये बकाया बनता है। निगम अधिकारियों के अनुसार मंगलवार को मित्तल मॉल को सील करने की कार्रवाई की जा सकती है।
ग्राहकों को निकाल की सील
जिस समय निगम टीम भवन को सील करने के लिए मौके पर पहुंची, उस समय शोरूम के अंदर काफी ग्राहक खड़े थे। मौके पर काफी देर तक बहस के साथ प्रशासनिक अमले ने ग्राहकों को बाहर निकालकर शटर डाउन कर उस पर सील लगा दी।
मित्तल माल भी करना था सील, लेकिन पुलिस प्रोटेक्शन में लगा समय
निगम टीम को सोमवार को ही तय प्लान के अनुसार मित्तल मॉल को भी सील करना था। इस मॉल पर निगम का 15 करोड़ रुपये से भी ज्यादा बकाया टैक्स है, लेकिन टीम को सबसे ज्यादा समय थाना चांदनीबाग में पुलिस प्रोटेक्शन लेने में लग गया।
नगर निगम के एग्जिक्यूटिव ऑफिसर बलबीर सिंह ने बताया कि शहर भर में बकाया प्रॉपर्टी टैक्स धारकों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई ऐसे ही जारी रहेगी। मंगलवार को भी शहर की कई बड़ी इमारतों को सील किया जाएगा।