विद्यार्थियों का कॉलेज में दाखिले का सपना शीघ्र पूरा होने वाला है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 सितंबर को पूरी हो जाएगी। इसके बाद 26 सितंबर को पहली कट ऑफ लिस्ट जारी होगी। उसी के साथ ऑनलाइन फीस जमा करवाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। कॉलेज में दाखिला लेने के लिए विद्यार्थियों में उत्साह बना हुआ है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया सात सितंबर से शुरू हुई थी। हालांकि आवेदन की अंतिम तिथि 21 सितंबर तक थी, जिसे बढ़ाकर 24 सितंबर किया गया है। कोविड-19 के चलते कॉलेजों में एडमिशन प्रक्रिया से लेकर कक्षाओं का संचालन फिलहाल ऑनलाइन होगा।
होनहार विद्यार्थियों को मिलेगा अधिकतम दस अंकों का फायदा
यूजी कक्षाओं में प्रवेश के दौरान एनएसएस, एनसीसी, स्पोट्र्स और हरियाणा बोर्ड की 10वीं व 12वीं कक्षा में 60 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अधिकतम 10 अंकों का फायदा मिलेगा। एडमिशन का फॉर्म भरते समय अक्सर विद्यार्थी इन सर्टिफिकेट का विवरण नहीं देते, जिससे पात्र विद्यार्थी वेंटेज का फायदा लेने से चूक जाते हैं।
कॉलेजों में बढ़ सकती है कट ऑफ लिस्ट
विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए स्नातक स्तर की कक्षाओं में दाखिला लेना विद्यार्थियों के लिए कठिन होगा। पहले दाखिला लेने के लिए कई विद्यार्थी दिल्ली, चंडीगढ़ व दूसरे अन्य स्थानों पर दाखिले के लिए जाते थे, लेकिन अब कोरोना वायरस को लेकर ज्यादातर विद्यार्थी जिले के शिक्षण संस्थानों में ही दाखिला लेना पसंद करेंगे। ऐसी स्थिति में इस वर्ष कॉलेजों में स्नातक स्तर की कट ऑफ लिस्ट बढ़ सकती है।
स्नातक में ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया का शेड्यूल
एडमिशन फॉर्म का ऑनलाइन पंजीकरण की शुरूआत - 7 सितंबर
ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि - 24 सितंबर
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेरिट लिस्ट की तैयारी - 25 सितंबर
पहली मेरिट लिस्ट जारी होने की तिथि - 26 सितंबर
फीस जमा करने की तिथि - 26 से 29 सितंबर
दूसरी मेरिट लिस्ट जारी होने की तिथि - 30 सितंबर
फीस जमा करने की तिथि - 1 से 5 अक्तूबर
ओपन काउंसलिंग व कक्षाओं की शुरूआत - 6 अक्तूबर
उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से स्नातक में प्रवेश प्रक्रिया का शेड्यूल पहले ही जारी किया जा चुका है। अंतिम तिथि बढ़ाए जाने पर मेरिट सूची जारी करने अथवा फीस जमा करवाने के शेड्यूल में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
संजू अबरोल, प्राचार्य, देशबंधु गुप्ता राजकीय महाविद्यालय, पानीपत।