पानीपत। समालखा के पट्टीकल्याणा स्थित आरएसएस सेवा केंद्र में शनिवार काे प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। इसमें देश व हरियाणा की संस्कृति, इतिहास और स्वतंत्रतता संग्राम में प्रदेश के योगदान को प्रमुखता से दर्शाया गया है। साथ ही आरएसएस के सेवा कार्यों की विस्तार से जानकारी दी गई है। अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य भैय्याजी जोशी ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।
अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की 12 से 14 मार्च तक चलने वाली बैठक से पहले केंद्र पर लगाई गई प्रदर्शनी में हरियाणा के इतिहास का वर्णन कर रहे शिलालेखों को दर्शाया गया है। इसमें अशोक, शुंगकालीन से लेकर प्रथम विश्व युद्ध तक के शिलालेख हैं। वहीं नाथ संप्रदाय, दादू पंथी सहित अन्य संप्रदायों के भी शिलालेख हैं। प्राचीन धर्मशालाओं, स्कूलों, चिकित्सालय, मंदिर, तालाब और कुओं के बारे में दर्शाया गया है। देश के स्वतंत्रता संग्राम में हरियाणा के योगदान, यहां की संस्कृति, खान-पान, वेशभूषा, तीज-त्योहार, उत्सव, धार्मिक, ऐतिहासिक, पर्यटन स्थल, ऐतिहासिक गुरुद्वारे व हरियाणा की भौगोलिक जानकारी है। प्रदेश के विख्यात व्यक्तित्व, उद्योगपति, कलाकार, खिलाड़ी, सेना के वरिष्ठ अधिकारियों, ग्रामीण क्षेत्र में चल रहे सेवा व समाज कार्यों को भी प्रदर्शित किया गया है। स्वावलंबी भारत अभियान के साथ देश में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के बारे में भी दर्शाया गया है। प्रदेश में आपदा के दौरान संघ के स्वयंसेवकों के राहत व सेवा कार्यों को भी दिखाया गया है। सेवा कार्यों में जीवन समर्पित करने वाले संघ के वरिष्ठ प्रचारकों की जीवनी भी प्रदर्शनी में शामिल है। प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर संघ के उत्तर क्षेत्र संघचालक सीताराम व्यास, हरियाणा प्रांत संघचालक पवन जिंदल उपस्थित रहे।