केमिकल युक्त दूषित पानी से खराब हुई गेहूं की फसल दिखाता किसान रविंद्र। संवाद
सनौली। बापौली क्षेत्र में फैक्टरियों से निकलने वाले केमिकल युक्त दूषित पानी को टैंकर में भरकर रात के अंधेरे में साथ लगते गेहूं के खेतों में छोड़ा जा रहा है, इसको लेकर किसानों में फैक्टरी संचालकों के खिलाफ रोष व्याप्त है।
किसानों ने इसकी शिकायत डायल 112 व बापौली थाना पुलिस को दी है। किसानों के अनुसार इस जहरीले पानी से गेहूं की फसल बर्बाद हो रही है, इसके कारण किसान आर्थिक तंगी के कगार पर पहुंच गए हैं। बापौली के किसान रविंद्र ने बताया कि उसकी गेहूं की फसल बहरामपुर गेट के पास है। यहां रात के अंधेरे में फैक्टरियों से निकलने वाले केमिकल युक्त दूषित पानी को टैंकर में भरकर रात के अंधेरे में खेतों में छोड़ने से फसल नष्ट हो रही हैं।
किसान रविंद्र ने डायल 112 व बापौली थाना पुलिस को इसकी शिकायत दी है। उन्होंने कहा कि वह सोमवार को इसकी शिकायत सीएम विंडो पर देकर कार्रवाई की मांग करेंगे। बापौली थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।