सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने के आरोप में पंजाब पुलिस ने पानीपत से एक युवक को गिरफ्तार किया है। गौतम नगर निवासी युवक को गिरफ्तार करने के लिए पंजाब पुलिस बुधवार को पानीपत पहुंची। इसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से पंजाब पुलिस ने आरोपी को काबू किया और बुधवार दोपहर मेडिकल कराकर कोर्ट में पेश किया। इसके बाद पंजाब पुलिस अपने साथ ले गई।
डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स ने बताया कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने और बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे गौतम नगर निवासी को गिरफ्तार करने के लिए पंजाब की अमृतसर पुलिस पानीपत आई थी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के लिए अमृतसर पुलिस उसे अपने साथ ले गई है। वह भी मामले की जांच करा रहे हैं।