सनौली। गांव छाजपुर खुर्द में हुए हरी हत्याकांड के बाद से ही गांव में तनाव है। आरोपियों की गिरफ्तारी मांग को लेकर शनिवार को दो गांवों के लोग अस्थाई पुलिस चौकी में धरने पर बैठ गए। सभी ने पुलिस अधिकारियों पर मामले में लापरवाही बरतने के आरोप लगाए। थाना सनौली एसएचओ सकेंद्र सिंह ने ग्रामीणों से दो आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही और अन्य की गिरफ्तारी के लिए एक सप्ताह का समय मांगा। इसके बाद ग्रामीण घर लौट गए।
गांव छाजपुर खुर्द और छाजपुर कलां के सैकड़ों लोग हरी हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अस्थाई पुलिस चौकी पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर गांव से पलायन तक की चेतावनी दे डाली। ग्रामीणों के धरने की सूचना पर थाना सनौली प्रभारी सकेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि पुलिस ने इस मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आश्वासन दिया कि अन्य पांच आरोपियों को एक सप्ताह में गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसएचओ के आश्वासन के बाद ग्रामीण घर लौट गए। धरने में प्रकाश गोस्वामी, संदीप, दीपक शर्मा, सोहनलाल सरपंच, राजबीर पंच, शाीतल पंच, राजेश पंच, अमित पंच, विक्रम, सुभाष शर्मा, महेंद्र गोस्वामी, सीतो, किताबों, कमला, चमेली, रामभतेरी, बिमलेस, रामकली, केला, ओमवती आदि शामिल रहे।
यह है मामला
ढाई माह पहले गांव छाजपुर में पंचायती जमीन के विवाद में हरी नामक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद पुलिस के उच्च अधिकारियों ने गांव में ही पुलिस चौकी बनवा दी थी। पुलिस ने मामले में दस आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब भी मामले के पांच आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
वर्जन
हरी हत्याकांड के दो और आरोपी सुनील, सुदंर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लेगी।
साकेंद्र सिंह, प्रभारी थाना सनौली पानीपत