कनाडा की जगह पहुंचाया थाईलैंड, थाईलैंड से कनाडा जाकर लापता हुआ युवक
थाना सदर जगाधरी क्षेत्र के गांव काठवाला से दो लोगों ने एक युवक को कनाडा भेजने के नाम पर आठ लाख रुपये हड़प लिए। सौदा 16 लाख रुपये में तय हुआ था। आठ लाख रुपये कनाडा जाकर देने तय हुए थे। आरोपियों ने युवक को कनाडा की जगह थाइलैंड भेज दिया, करीब एक माह बाद उसे कनाडा भेज दिया, लेकिन अब उसका कोई पता नहीं चल रहा है।
युवक से कोई संपर्क न होने पर युवक के परिजनों ने आरोपियों से बातचीत की, लेकिन आरोपियों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। महिला ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी व इम्मीग्रेशन एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्जकर लिया है।
काठवाला निवासी बाला देवी ने सदर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भतीजा अमनदीप सिंह रोजगार के लिए कनाडा जाना चाहता था। इसके लिए उन्होंने लुधियाना के नवाशहर निवासी श्याम सुंदर व जालंधर निवासी रतन लाल से बातचीत की। आरोपियों ने उन्हें बताया कि वे लोगों को विदेश भेजने और वहां पर रोजगार दिलाने के काम करते है।
वे उनके झांसे में आ गए। इस दौरान आरोपियों के साथ कनाडा भेजने व वहां पर रोजगार दिलाने के लिए 16 लाख रुपये में सौदा तय हो गया। सौदे में आठ लाख रुपये कनाडा भेजने से पहले और आठ लाख रुपये कनाडा भेजने के बाद देने की बात भी तय हुई। इस दौरान आरोपियों ने उसके भतीजे अमनदीप से जरूरी दस्तावेज और आठ लाख रुपये ले लिए।
बीती आठ अप्रैल को आरोपियों ने वीजा लगाकर उसे कनाडा के बदले थाइलैंड भेज दिया। नौ अप्रैल को उसका भतीजा थाइलैंड पहुंचा। यहां करीब एक माह स्टे देकर आरोपियों ने उसे कनाडा भेजा। लेकिन 10 मई से उनका अमनदीप से कोई संपर्क नहीं हुआ। उन्होंने उसके फोन पर कई बार संपर्क बनाने का प्रयास किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया।
इस बारे में जब उन्होंने आरोपियों से बातचीत की तो आरोपियों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। परेशान होकर उन्होंने इसकी शिकायत थाना सदर पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में आरोपी श्याम सुंदर व रतन लाल के खिलाफ धोखाधड़ी, इम्मीग्रेशन एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी एसआई हरीराम का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपियों से पूछताछ के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।