शहर के वीआईपी सेक्टर 12 और सबसे व्यस्त सेक्टर 25 में चेन स्नेचरों ने जमकर आंतक मचाया। स्नेचरों ने मात्र 15 मिनट में सेक्टर 12 में एक डीलर व सेक्टर 25 में एक कारोबारी के गले से सोने की चेन नोच ली। डीलर सड़क पर अपने कुत्ते के साथ वॉकिंग करने आया था, जबकि कारोबारी घर के बाहर चाय की चुस्की ले रहा था।
सेक्टर-12 में चेन स्नेचिंग की वारदात एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दोनों स्नेचर पल्सर बाइक पर सवार थे। स्नेचिंग की वारदातों से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची थाना चांदनी पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ कर नाकाबंदी कराई, लेकिन स्नेचर पुलिस के हाथ नहीं लग पाए।
\
पुलिस ने मामलों में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रविवार सुबह थाना चांदनी बाग क्षेत्र के अंतर्गत वीआईपी सेक्टर 12 व सेक्टर 25 में 15 मिनट के अंदर दो स्नेचिंग की वारदाते हुई। चेन स्नेचरों ने 15 मिनट में दो वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की मुस्तैदी की पोल खोलकर रख दी। पहली वारदात सेक्टर 12 निवासी राजीव गोयल के साथ हुई।
राजीव गोयल ने बताया कि वह इंडियन ऑयल कंपनी में डीलर है। वह रविवार सुबह अपने कुत्ते को सैर कराने के लिए बाहर लेकर जा रहा था। उससे थोड़ी सी दूरी पर एक प्लसर बाइक रूकी। एक युवक बाइक से उतरकर उसके पास आया। बाइक सवार उससे पता पूछने लगा। वह पता पूछने लगा तो युवक ने उसके गले से तीन तोले की चेन तोड़कर उसे धक्का दे दिया और दोनों फरार हो गए।
उसने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी, वहीं दूसरी वारदात सेक्टर 25 निवासी अनिल जैन के साथ हुई। अनिल जैन ने बताया कि उसका बरसत रोड पर करियाणा के सामान का कारोबार है। वह शनिवार सुबह सैर से आने के बाद घर के बाहर खड़ा होकर चाय पी रहा था। उसके घर के सामने बाइक सवार दो युवक रूके।
बाइक से उतरकर एक युवक उसके पास आया और पता पूछने लगा। उसने पते के बारे में कोई जानकारी होने से मना कर दिया। जैसे ही उसका ध्यान इधर-उधर हुआ युवक उसके गले से चेन तोड़कर उसे धक्का देकर बाइक पर बैठकर फरार हो गया। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों से पूछताछ कर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
वारदातों को एक ही ने दिया अंजाम
दोनों ही वारदातों को अंजाम देने के लिए स्नेचरों ने बड़ी बाइकों का इस्तेमाल किया, ताकि वह तेजी से फरार हो सके। चेन स्नेचरों ने दोनों ही वारदातों को लगभग एक ही अंदाज में अंजाम दिया। दोनों वारदातों में बाइक पर दो ही चेन स्नेचर थे। वारदातों में पहले व्यक्तियों से किसी व्यक्ति का पता पूछा गया
पांच मिनट तक दोनों को बातों में उलझाकर रखा गया था। उसके बाद दोनों को धक्का देकर आरोपी बाइक पर बैठकर सवार हुए। आरोपियों ने वारदातों को अंजाम देने का समय भी अलसुबह चुना था।
थाना क्षेत्र के अंतर्गत चेन स्नेचिंग की वारदात की सूचना मिली थी। पुलिस दोनों जगह मौके पर पहुंची और नाकाबंदी भी की। स्नेचर पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके। पुलिस ने मामले में पीड़ितों की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
जसपाल सिंह, प्रभारी थाना चांदनी बाग।