गांव आसन कलां स्थित भारतीय स्टेट बैंक में सोमवार रात तीन नकाबपोश बदमाशों ने शटर उखाड़कर बैंक में चोरी की कोशिश की। स्ट्रांग रूम की दीवार न टूटन से बदमाश सफल नहीं हो सके। बदमाशों ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ डाले। हालांकि, तीन नकाबपोश बदमाशों की हरकतें सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं।
इस बैंक में एक साल में चौथी बार चोरी की कोशिश है। सूचना पर पहुंची मतलौडा थाने की पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।चोर आसन कलां स्थित एसबीआई बैंक की शाखा का शटर उखाड़कर उसमें घुस गए। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में तीन नकाबपोश कैद हो है।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार तीनों नकाबपोशों ने रात 1:46 बजे बैंक में प्रवेश किया। इससे पहले चोरों ने बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया। इसके बाद चोरों ने बैंक में अंदर आकर हथौड़े से बैंक के स्ट्रॉन्ग रूम की दीवार तोड़ने की कोशिश की। बहुत देर तक मशक्कत करने के बाद भी दीवार नहीं टूटी।
चोरी में असफल होने पर चोर 2:53 बजे बैंक से निकल गए। वारदात के वक्त बैंक के स्ट्रॉन्ग रूप में 17 लाख रुपये थे। सुबह ग्रामीणों ने इसकी सूचना बैंक की प्रबंधक आरती चौधरी को दी। बैंक प्रबंधक ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर वारदात के बारे में बताया। मौके पर पहुंची पुलिस ने वारदात स्थल का जायजा लेकर बैंक प्रबंधक आरती चौधरी के बयानों के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
चेतावनी के बाद भी नहीं था गार्ड
गांव आसन कलां स्थित एसबीआई बैंक में एक साल में चौथी बार चोरी की कोशिश है। चोरों ने दो माह पहले बैंक के पास लगे एटीएम में भी चोरी की कोशिश की थी। इससे पहले तीन बार बैंक का शटर उखाड़ा जा चुका है। इसके बावजूद बैंक प्रबंधन ने रात में गार्ड की व्यवस्था नहीं की है।
बदमाशों ने शटर उखाड़कर बैंक में चोरी की कोशिश की है। चोरों ने बैंक के सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए हैं। बदमाश बैंक के कैश तक नहीं पहुंच पाए। पुलिस में मामले की शिकायत दे दी गई है।
आरती चौधरी, शाखा प्रबंधक, एसबीआई आसन कलां।
आसन कलां स्थित एसबीआई में चोरी के प्रयास की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वारदात स्थल का जायजा लिया और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
महेंद्र सिंह, प्रभारी थर्मल चौकी पुलिस।